ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े , बिना हिजाब गाना गाने पर मिली सजा, वीडियो वायरल

ईरान में महिलाओं के हिजाब और उनकी आजादी को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है. इस बार मामला 29 साल की गायिका परस्तू अहमदी से जुड़ा है, जिन्हें बिना हिजाब के गाना गाने के कारण 74 कोड़े मारने की सजा दी गई.

Iranian singer Parastoo Ahmadi 74 lashes punishment for singing without a hijab
Image Source: Social Media

Parastoo Ahmadi: ईरान में महिलाओं के हिजाब और उनकी आजादी को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है. इस बार मामला 29 साल की गायिका परस्तू अहमदी से जुड़ा है, जिन्हें बिना हिजाब के गाना गाने के कारण 74 कोड़े मारने की सजा दी गई. उनके साथ टीम के चार अन्य सदस्यों को भी इतनी ही सजा मिली. यह सजा जून में सुनाई गई थी, जिसे 23 नवंबर को लागू किया गया. गायिका की वकील मुस्तफा नीली ने भी 74 कोड़े मारे जाने की पुष्टि की है.

इस मामले की शुरुआत दिसंबर 2024 में सामने आए एक यूट्यूब वीडियो से हुई थी. इसमें परस्तू अहमदी बिना हिजाब पहने गाना गाती नजर आई थीं. वीडियो में वह एक पुराने कारवां सराय जैसे स्थान पर खाली मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं. उन्होंने लंबा गाउन पहना था और उनका सिर खुला हुआ था. इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने देखा था.

ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर सिर ढकना जरूरी है. इसके अलावा महिलाओं के सार्वजनिक रूप से गाने पर भी कई तरह की पाबंदियां हैं. ऐसे में परस्तू के वीडियो को लेकर उन पर सार्वजनिक शालीनता भंग करने और अश्लील सामग्री फैलाने जैसे आरोप लगाए गए.

कौन हैं परस्तू अहमदी?

परस्तू अहमदी ईरान की युवा गायिका हैं. वह पारंपरिक ईरानी संगीत को नए अंदाज में पेश करने के लिए जानी जाती हैं. उनकी गायकी को युवाओं के बीच पसंद किया जाता है. बिना हिजाब के गाना गाने वाले उनके वीडियो को भी काफी लोगों ने समर्थन दिया था.

ईरान में कई युवा महिलाएं उन्हें अपनी आवाज उठाने वाली कलाकार के रूप में देखती हैं. उनके लिए यह वीडियो केवल एक संगीत प्रस्तुति नहीं था, बल्कि अपनी पसंद और आजादी जाहिर करने का एक तरीका भी था. हालांकि, इसी वीडियो के कारण उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा.

ईरान में हिजाब कानून को लेकर क्यों है विवाद?

ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर सिर और गर्दन ढकना अनिवार्य है. इस नियम का पालन नहीं करने पर गिरफ्तारी, जुर्माना और दूसरी सजाएं दी जा सकती हैं. महिलाओं के कपड़ों और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर सरकार के सख्त नियम लंबे समय से विवाद का विषय रहे हैं.

साल 2022 में महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद ईरान में हिजाब कानून के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. महसा अमीनी को कथित तौर पर हिजाब ठीक से नहीं पहनने के आरोप में हिरासत में लिया गया था. उनकी मौत के बाद कई महिलाओं ने सार्वजनिक जगहों पर बिना हिजाब के घूमकर विरोध जताया.

सरकार इन नियमों को नैतिकता और परंपरा से जोड़कर देखती है, जबकि विरोध करने वाली महिलाएं इसे अपनी आजादी पर रोक मानती हैं. परस्तू अहमदी को मिली सजा ने एक बार फिर इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है. इस घटना के बाद ईरान में महिलाओं के अधिकारों और कला की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.