IPL 2026: शुभमन गिल की टीम में वापसी को लेकर आया अहम अपडेट, गुजरात टाइटंस का आया बयान

Shubman Gill Injury Update: आईपीएल 2026 के बीच शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर फैंस के बीच चिंता बनी हुई है. खासकर तब, जब वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अहम मुकाबले में नहीं खेल पाए. उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान राशिद खान ने संभाली थी.

IPL 2026 update regarding Shubman Gill return to the team statement from Gujarat Titans
Image Source: Social Media

Shubman Gill Injury Update: आईपीएल 2026 के बीच शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर फैंस के बीच चिंता बनी हुई है. खासकर तब, जब वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अहम मुकाबले में नहीं खेल पाए. उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान राशिद खान ने संभाली थी. अब उनकी चोट को लेकर गुजरात टाइटंस की तरफ से अहम जानकारी सामने आई है.

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले टॉस के दौरान राशिद खान ने बताया था कि गिल मसल में ऐंठन (मसल स्पाज्म) की वजह से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए. उन्होंने उम्मीद जताई थी कि यह गंभीर चोट नहीं है और गिल जल्द ही वापसी कर सकते हैं.

असिस्टेंट कोच ने दिया ताजा अपडेट

गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने भी गिल की फिटनेस पर अपडेट देते हुए राहत भरी खबर दी है. उनके मुताबिक, पिछले दो दिनों से गिल को मसल स्पाज्म की समस्या है, लेकिन स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं लग रही.

पार्थिव पटेल ने कहा कि टीम को उम्मीद है कि गिल जल्द ही मैदान पर लौट सकते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अंतिम फैसला मेडिकल टीम ही करेगी और फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है.

क्या दिल्ली के खिलाफ खेलेंगे?

गुजरात टाइटंस का अगला मुकाबला 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या गिल इस मैच तक फिट हो पाएंगे? फिलहाल टीम मैनेजमेंट उनकी जल्दी वापसी को लेकर आशान्वित है, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि वह अगले ही मैच में वापसी करेंगे या उन्हें थोड़ा और आराम दिया जाएगा.

हाल के समय में बार-बार लगी चोट

पिछले करीब 18 महीनों में यह चौथी बार है जब शुभमन गिल किसी चोट से जूझते नजर आए हैं. अक्टूबर 2024 में उन्हें गर्दन में जकड़न (नेक स्टिफनेस) की समस्या हुई थी, जिससे वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से बाहर रहे. 

नवंबर 2024 में बाएं हाथ के अंगूठे की चोट के कारण बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में नहीं खेल पाए. नवंबर 2025 में फिर से गर्दन की चोट ने उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से बाहर कर दिया. और अब आईपीएल 2026 में मसल स्पाज्म के कारण उन्हें मैच मिस करना पड़ा.

टीम और फैंस को इंतजार

टाइटंस और उनके फैंस दोनों ही गिल की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. टीम के लिए उनका फिट रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि वह बल्लेबाजी क्रम की अहम कड़ी हैं.

हालांकि राहत की बात यह है कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं बताई जा रही. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि गिल कब पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं और अपनी टीम को फिर से मजबूत शुरुआत दिलाते हैं.

ये भी पढ़ें- RCB vs CSK: IPL 2026 में साउदर्न डर्बी का रोमांच, चिन्नास्वामी में होगी छक्कों की बारिश! जानें पिच रिपोर्ट