IPL 2026: जीतने वाले को मिलेगा श्रेयस अय्यर का बल्ला, PBKS के खिलाड़ियों के बीच हो रहा अनोखा मुकाबला

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का शानदार प्रदर्शन चर्चा में है, और इसकी बड़ी वजह कप्तान श्रेयस अय्यर की अनोखी रणनीति मानी जा रही है.

IPL 2026 Shreyas Iyers bat will be won by who hits most sixes of PBKS
Image Source: ANI

IPL 2026: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का शानदार प्रदर्शन चर्चा में है, और इसकी बड़ी वजह कप्तान श्रेयस अय्यर की अनोखी रणनीति मानी जा रही है. टीम लगातार जीत दर्ज कर रही है, लेकिन इसके पीछे सिर्फ खेल नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के बीच पैदा किया गया एक स्वस्थ मुकाबला भी अहम भूमिका निभा रहा है.

लखनऊ के खिलाफ जीत के बाद श्रेयस अय्यर ने खुलासा किया कि उन्होंने टीम के खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा छक्के लगाने की एक प्रतियोगिता शुरू कर दी है. इस रणनीति का मकसद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आक्रामक खेल के लिए प्रेरित करना है.

अय्यर ने बताया कि उन्होंने खासतौर पर प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली से बात की और टीम में सिक्स मारने की चुनौती रखने का सुझाव दिया. जब खिलाड़ी इसके लिए तैयार हो गए, तो उन्होंने इसे और दिलचस्प बनाने के लिए एक खास इनाम की घोषणा भी कर दी.

इनाम में रखा अपना बल्ला

श्रेयस अय्यर ने कहा कि जो खिलाड़ी टीम में सबसे ज्यादा छक्के लगाएगा, उसे इनाम के तौर पर उनका बल्ला दिया जाएगा. यह सुनने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इससे खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़े हैं.

कप्तान के मुताबिक, “शायद यह थोड़ा अलग तरीका हो, लेकिन जब तक टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और माहौल सकारात्मक है, तब तक मैं इससे खुश हूं.”

मैदान पर दिखा असर

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने कुल 21 छक्के लगाए. इसमें से 16 छक्के सिर्फ प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली के बल्ले से आए. प्रियांश ने 9 छक्के जड़े, जबकि कॉनोली ने 7 छक्के लगाए.

छक्कों की रेस में कौन आगे?

आईपीएल 2026 में अब तक छक्के लगाने की सूची में प्रियांश आर्या 20 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और टीम के सबसे सफल सिक्स हिटर बने हुए हैं. उनके पीछे कूपर कॉनोली और श्रेयस अय्यर हैं, जिन्होंने अब तक 14-14 छक्के लगाए हैं. वहीं प्रभसिमरन सिंह भी 11 छक्कों के साथ टीम में योगदान दे रहे हैं.

मैच के बाद जब प्रियांश आर्या से उनकी सिक्स हिटिंग क्षमता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि वह छक्के मारने की अलग से प्रैक्टिस नहीं करते. उनका ध्यान गेंद को सही टाइमिंग के साथ खेलने पर रहता है, जिससे शॉट अपने आप लंबा चला जाता है.

ये भी पढ़ें- भारत की नागरिकता और टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका... राशिद खान को मिला था ऑफर, खुद बताई पूरी कहानी