SRH vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. हालांकि उनकी टीम को मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अपनी पारी के दौरान रजत ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
रजत पाटीदार अब आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में आरसीबी के पूर्व स्टार बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है.
क्रिस गेल को छोड़ा पीछे
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में रजत ने सिर्फ एक छक्का लगाया, लेकिन यही छक्का उनके लिए खास बन गया. इस छक्के के साथ उन्होंने आईपीएल में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए. रजत ने यह मुकाम सिर्फ 933 गेंदों में हासिल किया. इससे पहले क्रिस गेल ने 943 गेंदों में अपने 100 छक्के पूरे किए थे. इस लिस्ट में सुनील नरेन 950 गेंदों के साथ और शिवम दुबे 992 गेंदों के साथ शामिल हैं.
सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
रजत पाटीदार अब आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन चुके हैं. ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो उनसे आगे सिर्फ आंद्रे रसेल और निकोलस पूरन हैं. आंद्रे रसेल ने सिर्फ 657 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए थे, जबकि निकोलस पूरन ने यह कारनामा 884 गेंदों में किया था.
इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं रजत
रजत पाटीदार इस सीजन सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने 13 मैचों में 35 से ज्यादा की औसत और करीब 184 की स्ट्राइक रेट से 393 रन बनाए हैं. वह इस सीजन आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं. इसके अलावा वह अब तक 32 छक्के भी लगा चुके हैं. इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी रजत संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं.
हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी को मिली हार
आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 55 रन से हार का सामना करना पड़ा. मैच में हैदराबाद के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में आरसीबी की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी.
रजत ने की हैदराबाद के गेंदबाजों की तारीफ
मैच के बाद रजत पाटीदार ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि हैदराबाद के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों और यॉर्कर का बहुत अच्छा इस्तेमाल किया. रजत ने कहा कि हैदराबाद के टॉप बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और पहली पारी में मैच पर पूरी पकड़ बना ली थी. उन्होंने यह भी कहा कि इस विकेट पर 255 रन का स्कोर काफी बड़ा था और उनकी टीम के लिए लक्ष्य मुश्किल हो गया था.
ये भी पढ़ें- बकरीद से पहले जान लें ये नियम, कुर्बानी को लेकर दिल्ली सरकार ने जारी की ये एडवाइजरी; देखें VIDEO