IPL 2026 Playoff: 1 स्पॉट, 3 दावेदार और 2 मैच बाकी... RR, PBKS और KKR कैसे कर सकती है क्वालीफाई?

आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस को और दिलचस्प बना दिया है.

IPL 2026 Playoff Scenarios How can RR PBKS and KKR qualify
Image Source: ANI

IPL 2026 Playoff: आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस को और दिलचस्प बना दिया है. हालांकि इस हार से लखनऊ सुपर जायंट्स को ज्यादा फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी. लेकिन इस मैच का सबसे बड़ा नुकसान दिल्ली कैपिटल्स को हुआ, जिसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं.

दिल्ली कैपिटल्स की नजर इस मुकाबले में पंजाब किंग्स की हार पर थी, लेकिन PBKS की जीत के साथ ही दिल्ली का सफर खत्म हो गया. अब प्लेऑफ की आखिरी सीट के लिए सिर्फ तीन टीमों के बीच मुकाबला बचा है- राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स. आइए समझते हैं इन तीनों टीमों के प्लेऑफ समीकरण.

राजस्थान रॉयल्स का प्लेऑफ समीकरण

23 मई को खेले गए पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स मुकाबले के बाद राजस्थान रॉयल्स के लिए समीकरण पहले जैसा ही बना हुआ है. टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा.

अगर राजस्थान मुंबई को हरा देती है तो उसके 14 मैचों में 16 अंक हो जाएंगे. वहीं पंजाब किंग्स 15 अंक तक ही पहुंच पाएगी. दूसरी तरफ अगर KKR दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत भी जाती है, तब भी उसके 15 अंक ही होंगे. ऐसे में राजस्थान रॉयल्स सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी.

लेकिन अगर राजस्थान रॉयल्स मुंबई इंडियंस से हार जाती है तो उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो सकती है. यानी मुंबई के खिलाफ मुकाबला राजस्थान के लिए करो या मरो जैसा रहने वाला है.

KKR का प्लेऑफ समीकरण

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ उम्मीदें राजस्थान रॉयल्स की हार पर टिकी हुई हैं. अगर राजस्थान अपना मैच हार जाती है, तभी KKR के पास मौका बनेगा. हालांकि सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, टीम को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.

अगर KKR पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाती है, तो उसे दिल्ली कैपिटल्स को कम से कम 77 रन या उससे ज्यादा के अंतर से हराना होगा. तभी उसका नेट रन रेट पंजाब किंग्स से बेहतर हो पाएगा.

वहीं अगर KKR लक्ष्य का पीछा करती है, तो उसे 180 से ज्यादा के स्कोर को करीब 12 से 12.4 ओवर में हासिल करना होगा. यानी कोलकाता के लिए सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत जरूरी है.

पंजाब किंग्स का प्लेऑफ समीकरण

पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ का समीकरण काफी साफ है. टीम सबसे ज्यादा राजस्थान रॉयल्स की हार चाहेगी. अगर राजस्थान जीत जाती है, तो पंजाब की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी.

लेकिन अगर राजस्थान हार जाती है, तो पंजाब किंग्स की उम्मीदें बनी रहेंगी. हालांकि इसके बाद भी खतरा KKR से रहेगा. अगर कोलकाता बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट बेहतर कर लेती है, तो पंजाब बाहर हो सकती है.

लेकिन अगर KKR सिर्फ सामान्य अंतर से जीतती है, तो पंजाब किंग्स का प्लेऑफ में पहुंचना तय हो जाएगा.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: कोई रोमांटिक कैंडललाइट डिनर पर जाएगा, तो किसी का होगा ब्रेकअप, जानें आज का लव राशिफल