SRH vs RR Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ मुकाबले अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुके हैं. पहली फाइनलिस्ट टीम के तौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी जगह पक्की कर ली है. अब दूसरी फाइनलिस्ट बनने की रेस में तीन टीमें बची हैं.
आज एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी. इस मैच में जीतने वाली टीम खिताब की दौड़ में बनी रहेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.
सनराइजर्स हैदराबाद का राजस्थान पर भारी रहा है रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है. अब तक दोनों टीमों के बीच 23 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें हैदराबाद ने 14 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को 9 मुकाबलों में जीत मिली है. इस सीजन लीग स्टेज में भी दोनों टीमें दो बार भिड़ीं और दोनों बार हैदराबाद ने बाजी मारी.
इस सीजन ईशान किशन ने किया शानदार प्रदर्शन
13 अप्रैल को हुए मुकाबले में हैदराबाद ने राजस्थान को 57 रन से हराया था. उस मैच में ईशान किशन ने शानदार 91 रन बनाए थे. इसके बाद 25 अप्रैल के मुकाबले में भी ईशान का बल्ला जमकर चला. उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 74 रन ठोक दिए थे. हालांकि उस मैच में राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी 37 गेंदों में 103 रन की धमाकेदार पारी खेली थी.
मुल्लांपुर में कैसा रहेगा मौसम?
एलिमिनेटर मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा. मौसम की बात करें तो बारिश की संभावना नहीं है और पूरा मैच होने की उम्मीद है. हालांकि शुरुआती घंटों में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. ऐसे में शुरुआत में फील्डिंग करने वाली टीम के खिलाड़ियों को गर्मी की वजह से परेशानी हो सकती है.
बल्लेबाजों के लिए मददगार रहेगी पिच
एलिमिनेटर मुकाबला स्टेडियम की पिच नंबर-4 पर खेला जाएगा. यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी मानी जाती है. इसी पिच पर इस सीजन राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल किया था. उस मैच में यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन बनाए थे, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली थी.
टॉस निभा सकता है अहम भूमिका
इस पिच पर अब तक खेले गए तीनों मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं. यही वजह है कि टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकता है. हालांकि गर्म मौसम को देखते हुए शुरुआती ओवरों में फील्डिंग करना आसान नहीं होगा. अगर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 220 से 230 रन के आसपास पहुंच जाती है, तो दूसरी टीम पर दबाव काफी बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें- कभी 2.11 लाख करोड़ की Byju’s के थे मालिक, अब मिली जेल की सजा, जानें कैसे बदली रवींद्रन की कहानी