Sanju Samson Records: संजू सैमसन इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
इस मैच में संजू ने 52 गेंदों पर 87 रन बनाए. उनकी पारी में 7 चौके और 6 लंबे छक्के शामिल थे. खास बात यह रही कि वह अंत तक नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर ही मैदान से लौटे. ऐसा लग रहा था कि वह शतक भी पूरा कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने टीम के हित को प्राथमिकता दी.
छक्कों की लिस्ट में बड़ी छलांग
इस दमदार पारी के साथ संजू सैमसन ने आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में बड़ी छलांग लगाई है. अब वह इस लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है, जो अब सातवें स्थान पर चले गए हैं.
टॉप खिलाड़ियों की लिस्ट
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 357 छक्के लगाए हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 317 छक्के दर्ज हैं.
तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने अब तक 306 छक्के लगाए हैं. वहीं चौथे नंबर पर एमएस धोनी हैं, जिनके खाते में 264 छक्के हैं. पांचवें स्थान पर एबी डिविलियर्स हैं, जिन्होंने 251 छक्के लगाए हैं. अब संजू सैमसन 240 छक्कों के साथ छठे नंबर पर पहुंच चुके हैं.
एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ने का मौका
अगर संजू सैमसन इसी तरह खेलते रहे, तो जल्द ही वह एबी डिविलियर्स को भी पीछे छोड़ सकते हैं. इसके लिए उन्हें सिर्फ 12 और छक्कों की जरूरत है. टीम के अभी इस सीजन में कुछ मुकाबले बाकी हैं, ऐसे में संजू के पास यह आंकड़ा पार करने का अच्छा मौका है. अगर उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंचती है, तो उनके पास और ज्यादा मैच खेलने का मौका मिलेगा.
डेविड वॉर्नर और केएल राहुल की स्थिति
डेविड वॉर्नर अब 236 छक्कों के साथ सातवें स्थान पर आ गए हैं. वहीं केएल राहुल भी इस रेस में पीछे नहीं हैं. उनके नाम 232 छक्के हैं और वह भी जल्द ही वॉर्नर को पीछे छोड़ सकते हैं. इस तरह आने वाले मैचों में संजू सैमसन और केएल राहुल के बीच छक्कों की यह रेस और भी दिलचस्प हो सकती है.
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान के बीच बन गई बात? रूबियो ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर किया बड़ा ऐलान; जानें पूरा मामला