Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में रविवार, 1 नवंबर को घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. रैली के चलते मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की आशंका है. पुलिस के मुताबिक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अलग-अलग इलाकों में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. ऐसे में वाहन चालकों को सफर शुरू करने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.
दिल्ली के इन प्रमुख चौराहों पर लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रैली के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट लालबत्ती, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक पर यातायात को जरूरत के मुताबिक डायवर्ट किया जाएगा. इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है. पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगी, ताकि यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके.
बहादुर शाह जफर मार्ग से मिंटो रोड तक जाम की आशंका
रैली के कारण आईटीओ से दिल्ली गेट के बीच बहादुर शाह जफर मार्ग और राजघाट से अजमेरी गेट के बीच जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और बाराखंभा रोड पर भी जाम की स्थिति बन सकती है. कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ने की संभावना है. ट्रैफिक संभालने के लिए मध्य रेंज में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. वहीं, एलएनजेपी अस्पताल के पास एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था रहेगी.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री ध्यान दें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को घर से थोड़ा पहले निकलने की सलाह दी है, ताकि ट्रैफिक के कारण ट्रेन छूटने की नौबत न आए. डीबीजी रोड की तरफ से स्टेशन जाने वाले यात्री चेल्म्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, पूर्वी दिल्ली से आने वाले लोगों के लिए आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग से स्टेशन पहुंचने का विकल्प सुझाया गया है. रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए रेलवे पार्किंग क्षेत्र, डीएमआरसी के पार्किंग स्थलों और राजघाट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
रामलीला मैदान में जुटेगा INDIA गठबंधन
दरअसल, INDIA गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है. गठबंधन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है. इसके अलावा दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसी कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं.