IND vs NZ: इतिहास रचेंगे विराट कोहली? सचिन तेंदुलकर को छोड़ सकते हैं पीछे, निशाने पर दो बड़े रिकॉर्ड

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.

IND vs NZ Virat Kohli could surpass Sachin Tendulkar two  records in his sights
Image Source: ANI

IND vs NZ: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. 4 नवंबर को ऑकलैंड के सेडन पार्क में होने वाले पहले मुकाबले में उनके पास ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा. पांच मैचों की इस सीरीज में कोहली की नजरें दो बड़े रिकॉर्ड पर रहेंगी.

वनडे में नंबर-3 पर 13 हजार रन पूरे करने का मौका

विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अब तक 305 पारियों में 12,988 रन बनाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में अगर वह 12 रन बना लेते हैं, तो इस पोजीशन पर 13 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 365 पारियों में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 12,662 रन बनाए हैं. वहीं, वनडे में किसी एक बल्लेबाजी क्रम पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है. सचिन ने ओपनर के तौर पर 15,310 रन बनाए हैं.

लिस्ट-ए क्रिकेट में सचिन को पीछे छोड़ सकते हैं विराट

विराट कोहली के पास लिस्ट-ए क्रिकेट में शतकों के मामले में भी सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका है. दोनों बल्लेबाजों के नाम फिलहाल 60-60 शतक दर्ज हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अगर कोहली एक शतक लगा देते हैं, तो वह इस मामले में सचिन से आगे निकल जाएंगे.

न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार है कोहली का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में विराट कोहली का प्रदर्शन अच्छा रहा है. उन्होंने अब तक 36 मैचों में 57 की औसत से 1,897 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं. कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 154 रन है.

वहीं, न्यूजीलैंड की जमीन पर कोहली ने 11 वनडे मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 46 की औसत से 514 रन बनाए हैं. इस दौरान वह एक शतक और चार अर्धशतक लगा चुके हैं.