IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा. आखिरी मुकाबले में भी टीम इंडिया गेंद और फील्डिंग दोनों में संघर्ष करती नजर आई. मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार की वजह बताते हुए कहा कि टीम को इस दौरे से कई अहम सीख मिली हैं.
श्रेयस अय्यर ने कहा कि इस पूरी सीरीज में हर मैच की परिस्थितियां अलग थीं और टीम उन हालात के मुताबिक खुद को ढालने में सफल नहीं रही. उनके मुताबिक विदेशी दौरे पर हालात को जल्दी समझना और उसी हिसाब से खेलना बहुत जरूरी होता है.
उन्होंने कहा कि फील्डिंग किसी भी मैच का सबसे अहम हिस्सा होती है. इंग्लैंड के मैदानों का आकार भारत से अलग है और वहां बेहतर तैयारी के साथ उतरना जरूरी है.
कैच छोड़ना पड़ा भारी
भारतीय टीम ने पूरे मैच में कई आसान कैच छोड़े, जिसका इंग्लैंड ने पूरा फायदा उठाया. श्रेयस अय्यर ने माना कि अगर वे कैच पकड़ लिए जाते तो इंग्लैंड का स्कोर काफी कम रह सकता था.
उन्होंने कहा कि टीम शायद 220 से 225 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही होती, लेकिन कैच छूटने के बाद मैच पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में चला गया.
बटलर और ब्रूक ने बदल दिया मैच
इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर ने 64 गेंदों में 131 रन की शानदार पारी खेली. वहीं कप्तान हैरी ब्रूक ने 45 गेंदों पर नाबाद 95 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 233 रन की बड़ी साझेदारी की और इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट पर 257 रन पहुंचा दिया.
भारतीय गेंदबाज इस साझेदारी को तोड़ने में नाकाम रहे और इंग्लैंड ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली.
बल्लेबाजी में भी नहीं मिला साथ
श्रेयस अय्यर ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान भी टीम लगातार विकेट गंवाती रही, जिससे बड़ा लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो गया. उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी योजना के मुताबिक शानदार गेंदबाजी की और घरेलू मैदान का पूरा फायदा उठाया.
टीम इंडिया को करना होगा सुधार
इस हार के साथ इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से सीरीज हराकर क्लीन स्वीप कर दिया. वहीं लंबे समय बाद भारत टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान से नीचे आ गया. लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अब टीम इंडिया को अपनी फील्डिंग, गेंदबाजी और मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलने पर खास ध्यान देना होगा.
ये भी पढ़ें- पुणे बिल्डिंग हादसे में 8 मजदूरों की मौत, कंपनी ने पीड़ित परिवारों को ₹25 लाख और नौकरी देने का किया का ऐलान