इमरान खान के समर्थकों पर मंडराया खतरा! मुनीर की सेना के इस आदेश से पाकिस्तान में मचा हड़कंप

Pakistan PTI Protest: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने की तैयारी में है. मार्च से पहले पूरे देश में तनाव का माहौल है. सरकार और सेना इस प्रदर्शन को रोकने की कोशिश कर रही हैं.

Imran Khan party hold march on September 27 tension rises in Pakistan
Image Source: Social Media


Pakistan PTI Protest: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने की तैयारी में है. मार्च से पहले पूरे देश में तनाव का माहौल है. सरकार और सेना इस प्रदर्शन को रोकने की कोशिश कर रही हैं. इसी बीच इमरान खान की तीन बहनों को लाहौर में हिरासत में लिया गया है. खैबर पख्तूनख्वा (KP) में PTI सरकार के एक मंत्री के अपहरण की खबर है, जबकि एक अन्य कैबिनेट मंत्री पर फायरिंग की गई है.

वहीं, इस्लामाबाद के अस्पतालों को भी किसी बड़ी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है. अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग घायल होते हैं या मौतें होती हैं तो उससे निपटने के लिए पहले से तैयारी रखें. PTI का कहना है कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार 27 सितंबर को मार्च निकालेगी.

अस्पतालों से क्या कहा गया?

पाकिस्तान के अधिकारियों ने इस्लामाबाद के अस्पतालों को 27 सितंबर के मार्च को देखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. ड्रॉप साइट न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पतालों से बेड खाली रखने और इमरजेंसी की स्थिति में सर्जरी के लिए विभागों को तैयार रखने को कहा गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ मरीजों की सोमवार को होने वाली सर्जरी भी टालने के लिए कहा गया है. अस्पतालों को कथित तौर पर निर्देश दिया गया है कि ऐसी सभी सर्जरी, जिन्हें तुरंत करना जरूरी नहीं है, उन्हें अगले आदेश तक रोक दिया जाए.

अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, प्रशासनिक कर्मचारियों और दूसरे कर्मचारियों की छुट्टियां भी रोकने को कहा गया है. जो कर्मचारी पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें वापस काम पर आने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा कुछ ऐसे मरीज, जिनकी हालत स्थिर है और जो इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं, उन्हें भी डिस्चार्ज किया जा रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड उपलब्ध रहें.

पिछले कुछ दिनों में PTI के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की खबरें भी सामने आई हैं. PTI के चेयरमैन बैरिस्टर गोहर अली खान का दावा है कि इस सप्ताह पार्टी के करीब 1,500 कार्यकर्ताओं, पांच सांसदों और एक मंत्री को हिरासत में लिया गया है. पार्टी ने साफ किया है कि इन कार्रवाइयों के बावजूद मार्च अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक होगा.

PTI को कार्रवाई का डर

इस्लामाबाद में सुरक्षा तैयारियां बढ़ने के बीच PTI के अंदर भी चिंता बढ़ रही है. पार्टी को आशंका है कि अगर 27 सितंबर को बड़ी संख्या में लोग इस्लामाबाद पहुंचते हैं तो प्रशासन उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकता है. PTI पहले भी आरोप लगाती रही है कि उसके प्रदर्शनों के दौरान सरकार ने समर्थकों पर जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया.

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. उनकी पार्टी लगातार उनकी सेहत और इलाज को लेकर सवाल उठाती रही है. पार्टी का कहना है कि उन्हें इलाज और परिवार से मिलने की पर्याप्त सुविधा नहीं मिल रही है. अगस्त में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि इमरान खान को जरूरी इलाज मिले. हालांकि, PTI ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं किया.

इमरान खान के निजी डॉक्टर डॉ. फैसल सुल्तान को भी कथित तौर पर कई हफ्तों से उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है. 27 सितंबर के मार्च से पहले PTI और सरकार के बीच तनाव बढ़ने से पाकिस्तान में राजनीतिक स्थिति पर सबकी नजर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- रूस बनाम NATO की आहट! क्या ‘फादर ऑफ ऑल बम’ से बड़ा हमला करेंगे पुतिन? बड़ी तबाही की आशंका