ICC टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, ट्रेविस हेड की बादशाहत खत्म; अब कौन बना नंबर 1 बल्लेबाज?

ICC Test Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में इस बार बल्लेबाजों की सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. लंबे समय से शीर्ष स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को जोरदार झटका लगा है और वह तीन पायदान नीचे खिसककर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं.

icc-test-rankings-harry-brook-number-one-batsman-Travis-Head
Image Source: ANI

ICC Test Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में इस बार बल्लेबाजों की सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. लंबे समय से शीर्ष स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को जोरदार झटका लगा है और वह तीन पायदान नीचे खिसककर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने शानदार छलांग लगाते हुए नंबर-1 की कुर्सी अपने नाम कर ली है. नई रैंकिंग ने टेस्ट क्रिकेट के शीर्ष बल्लेबाजों के बीच मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है.

हैरी ब्रूक ने हासिल किया पहला स्थान

इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज हैरी ब्रूक अब आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं. उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है और उनकी रेटिंग 852 अंक हो गई है. ब्रूक की शानदार बल्लेबाजी ने उन्हें शीर्ष पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. वहीं इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान जो रूट भी एक पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर आ गए हैं. रूट की मौजूदा रेटिंग 840 है.

स्टीव स्मिथ को भी मिला फायदा, हेड को बड़ा नुकसान

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भी रैंकिंग में एक स्थान की बढ़त हासिल की है. 833 रेटिंग के साथ वह अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. दूसरी ओर, ट्रेविस हेड के लिए यह अपडेट निराशाजनक रहा. लंबे समय तक नंबर एक बल्लेबाज बने रहने वाले हेड तीन स्थान नीचे खिसककर चौथे नंबर पर आ गए हैं और उनकी रेटिंग घटकर 819 रह गई है. दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा 775 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर कायम हैं.

भारतीय बल्लेबाजों की स्थिति में फिलहाल कोई बदलाव नहीं

ताजा रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है. कप्तान शुभमन गिल 743 रेटिंग के साथ सातवें स्थान पर हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल 733 अंक के साथ नौवें पायदान पर मौजूद हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम 716 रेटिंग के साथ दसवें नंबर पर बने हुए हैं. भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला 18 अगस्त के बाद समाप्त हुआ, इसलिए उसका प्रदर्शन इस रैंकिंग अपडेट में शामिल नहीं किया गया है.

अगली रैंकिंग में दिखेगा भारत-श्रीलंका टेस्ट का असर

भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला खत्म होने के बाद अब अगली आईसीसी टेस्ट रैंकिंग पर सभी की नजरें रहेंगी. इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन का असर अगले अपडेट में दिखाई देगा. ऐसे में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल समेत टीम इंडिया के दूसरे खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव संभव है. मौजूदा सूची में जहां ब्रूक ने नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया है, वहीं अगली रैंकिंग भारतीय खिलाड़ियों के लिए भी कई नए समीकरण लेकर आ सकती है.

ये भी पढ़ें: भारत ने श्रीलंका को 165 रन से रौंदा, मानव सुथार-देवदत्त पडिक्कल बने हीरो, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त