नोएडा प्राधिकरण में प्रशासनिक व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए बड़ा फेरबदल किया गया है. 2011 बैच के IAS अधिकारी कृष्णा करुणेश को नोएडा प्राधिकरण का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है. इससे पहले वह प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर कार्यरत थे.
यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है जब हाल ही में सेक्टर 150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत को लेकर प्राधिकरण और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठे थे. तत्कालीन CEO लोकेश एम को इस मामले को लेकर उनके पद से हटाया गया था और अब IAS कृष्णा करुणेश को इस जिम्मेदारी सौंपी गई है.
तेज तर्रार IAS अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं कृष्णा करुणेश
कृष्णा करुणेश मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं. उन्होंने MA किया है और उनके पास LLB की डिग्री भी है. यूपी के प्रशासनिक तंत्र में उन्हें तेज तर्रार और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है. कृष्णा करुणेश ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. वह गाजियाबाद जिले में SDM और CDO, हापुड़ और बलरामपुर में जिलाधिकारी, और कुशीनगर जिले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रह चुके हैं. उनकी प्रशासनिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए उन्हें अब नोएडा प्राधिकरण का CEO बनाया गया है.
CM योगी ने युवराज मेहता की मौत का लिया संज्ञान
स्मरण रहे कि सेक्टर 150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत ने प्रशासनिक प्रणाली की लापरवाही और जवाबदेही पर कई सवाल खड़े कर दिए थे. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लिया और जांच के लिए SIT का गठन किया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया कि प्राधिकरण में जिम्मेदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. कृष्णा करुणेश को CEO बनाने का उद्देश्य भी इसी दिशा में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को सुधारना बताया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: Magh Mela: बसंत पंचमी पर टूटा महाकुंभ का रिकॉर्ड, 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी