अगर आप इलेक्ट्रिक कार खरीदने का सोच रहे हैं, लेकिन यह चिंता है कि कुछ साल बाद उसकी अच्छी कीमत मिलेगी या नहीं, तो हुंडई ने ग्राहकों के लिए नई सुविधा शुरू की है.
कंपनी ने अपनी क्रेटा इलेक्ट्रिक के लिए एश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम लॉन्च किया है. इसके तहत ग्राहक कार को 3 साल या 45,000 किलोमीटर चलाने के बाद कंपनी को वापस बेच सकते हैं. बदले में कंपनी कार की तय कीमत का 60% तक वापस देगी.
क्यों शुरू किया गया यह प्रोग्राम?
हुंडई का कहना है कि कई लोग इलेक्ट्रिक कार खरीदने से इसलिए हिचकते हैं क्योंकि उन्हें उसकी रीसेल वैल्यू और बैटरी को लेकर चिंता रहती है.
नई बायबैक योजना का मकसद ग्राहकों का भरोसा बढ़ाना और इलेक्ट्रिक वाहनों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है.
BaaS मॉडल का भी मिलेगा फायदा
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक को कंपनी BaaS (बैटरी ऐज ए सर्विस) मॉडल में भी बेच रही है. इस मॉडल में ग्राहक बैटरी खरीदने के बजाय उसे किराये पर ले सकते हैं. इससे कार खरीदने की शुरुआती लागत कम हो जाती है.
कंपनी चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने और आने वाले समय में नए इलेक्ट्रिक वाहन लाने पर भी काम कर रही है.
कितनी है कीमत?
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.99 लाख रुपये है.
बैटरी के लिए 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करने का विकल्प भी दिया गया है, जिससे ग्राहकों पर एक साथ ज्यादा खर्च का बोझ नहीं पड़ता.
बैटरी और ड्राइविंग रेंज
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक दो बैटरी विकल्पों में उपलब्ध है.
पहला 51.4 kWh बैटरी पैक है, जो एक बार चार्ज करने पर लगभग 510 किलोमीटर तक की रेंज देता है.
दूसरा 42 kWh बैटरी पैक है, जिसकी रेंज करीब 420 किलोमीटर है.
फास्ट चार्जिंग की सुविधा
इस इलेक्ट्रिक SUV में DC फास्ट चार्जिंग का विकल्प भी मिलता है.
कंपनी के अनुसार, इसकी बैटरी 10% से 80% तक सिर्फ 39 मिनट में चार्ज हो सकती है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान भी ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में 'अननोन गनमैन' का खौफ! लश्कर आतंकी बोला- 'हमारे लोगों चुन-चुनकर मार रहे भारतीय एजेंट्स'