Apple New CEO: कितनी संपत्ति के मालिक हैं जॉन टर्नस? जो लेंगे टिम कुक की जगह, बनेंगे Apple के नए CEO

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक एप्पल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. लंबे समय तक कंपनी का नेतृत्व करने के बाद टिम कुक अब अपने पद से हटने की तैयारी में हैं.

How rich is John Ternus Apple New CEO Tim Cook Becomes Executive Chairman
Image Source: Social Media

Apple New CEO: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक एप्पल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. लंबे समय तक कंपनी का नेतृत्व करने के बाद टिम कुक अब अपने पद से हटने की तैयारी में हैं. उनकी जगह कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग हेड जॉन टर्नस 1 सितंबर 2026 से नए CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे.

करीब डेढ़ दशक तक कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले टिम कुक अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे, जबकि जॉन टर्नस के हाथ में एप्पल का भविष्य होगा. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जॉन टर्नस कौन हैं और उनकी कुल संपत्ति कितनी है?

कौन हैं जॉन टर्नस?

जॉन टर्नस का नाम भले ही आम लोगों के बीच उतना चर्चित न रहा हो, लेकिन एप्पल के अंदर उनकी पहचान बेहद मजबूत मानी जाती है.

उन्होंने 1997 में यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने Virtual Research Systems में कुछ साल काम किया और फिर 2001 में एप्पल से जुड़ गए.

यह वह दौर था जब एप्पल एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही थी और स्टीव जॉब्स कंपनी को नई दिशा दे रहे थे.

टर्नस ने कंपनी में करीब दो दशक से ज्यादा समय बिताया है और iPhone, iPad और Mac जैसे प्रमुख प्रोडक्ट्स की हार्डवेयर इंजीनियरिंग में अहम भूमिका निभाई है. अब वह एप्पल के आठवें CEO बनने जा रहे हैं और स्टीव जॉब्स के 1997 के बाद से सिर्फ तीसरे व्यक्ति होंगे जो इस पद पर बैठेंगे.

कितनी है जॉन टर्नस की नेट वर्थ?

लंबे समय तक एप्पल जैसी दिग्गज कंपनी में काम करने का असर उनकी आर्थिक स्थिति पर भी साफ दिखता है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉन टर्नस की कुल संपत्ति करीब 75 मिलियन डॉलर (लगभग 600 करोड़ रुपये से ज्यादा) आंकी जाती है.

यह संपत्ति उन्होंने एप्पल में अपने 20 से अधिक वर्षों के करियर के दौरान सैलरी, बोनस और खासतौर पर स्टॉक कम्पेनसेशन के जरिए बनाई है.

अब जब वह CEO बनने जा रहे हैं, तो उनकी कमाई में और तेजी से इजाफा होने की संभावना है. उन्हें भी टिम कुक की तरह हाई पे-स्ट्रक्चर और स्टॉक अवॉर्ड्स का लाभ मिलेगा.

टिम कुक की कमाई और संपत्ति

टिम कुक ने अपने कार्यकाल के दौरान एप्पल को रिकॉर्ड ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 2.53 बिलियन डॉलर आंकी जाती है, जिसमें बड़ा हिस्सा एप्पल के शेयरों का है.

उनकी बेस सैलरी लगभग 3 मिलियन डॉलर सालाना है, लेकिन बोनस और स्टॉक अवॉर्ड्स के चलते उनकी कुल कमाई काफी ज्यादा हो जाती है.

उदाहरण के तौर पर, 2024 में उनकी कुल आय करीब 74.6 मिलियन डॉलर रही, जबकि 2022 में यह आंकड़ा लगभग 99 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया था.

CEO बनने के बाद क्या बदलेगा?

जॉन टर्नस के CEO बनने के बाद एप्पल की रणनीति में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं, खासकर हार्डवेयर इनोवेशन के क्षेत्र में.

क्योंकि टर्नस का पूरा करियर तकनीकी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट से जुड़ा रहा है, इसलिए माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में कंपनी अपने प्रोडक्ट्स को और मजबूत और उन्नत बनाने पर फोकस कर सकती है.

वहीं, टिम कुक एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर कंपनी से जुड़े रहेंगे, जिससे ट्रांजिशन स्मूद रहने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- 'कुछ सीमाएं ऐसी होती हैं, जिन्हें कभी नहीं...', पहलगाम अटैक की बरसी से पहले भारतीय सेना की खुली चेतावनी