CM नायब सैनी ने शेफाली वर्मा को दिया 1.50 करोड़ का इनाम, हरियाणा महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर

भारत की सुपरस्टार क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की है. इस अवसर पर, हरियाणा सरकार ने उन्हें 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवार्ड और ग्रेड-A ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया.

Haryana CM singh Nayab Saini gave Shefali Verma a reward of Rs 1.50 crore
Image Source: Social Media

रोहतक: भारत की सुपरस्टार क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की है. इस अवसर पर, हरियाणा सरकार ने उन्हें 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवार्ड और ग्रेड-A ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर संत कबीर कुटीर में शेफाली वर्मा का स्वागत किया और उनकी उपलब्धियों को सराहा.

1.50 करोड़ रुपये और ग्रेड-A सर्टिफिकेट से हुआ सम्मान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मुलाकात में हरियाणा सरकार की ओर से शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवार्ड और ग्रेड-A ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिया. शेफाली वर्मा को यह पुरस्कार उनके शानदार खेल प्रदर्शन के लिए दिया गया, जिसने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया. मुख्यमंत्री ने शेफाली की कड़ी मेहनत और संघर्ष को सराहा और उन्हें प्रेरणादायक बताया.

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शेफाली वर्मा ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि शेफाली आज देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं. हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, और शेफाली वर्मा ने खेल जगत में नया इतिहास रचा है. उनकी मेहनत और लगन युवा खिलाड़ियों के लिए आदर्श हैं. सीएम सैनी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हमेशा खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देती रहेगी.

हरियाणा महिला आयोग ने शेफाली को बनाया ब्रांड एंबेसडर 

इसके अलावा, हरियाणा महिला आयोग ने शेफाली वर्मा को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने इस अवसर पर कहा कि शेफाली वर्मा हरियाणा की सुपरस्टार हैं, और उन्हें युवाओं के लिए एक आदर्श बनाना राज्य की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि शेफाली 2026 में महिला आयोग के ब्रांड एंबेसडर के रूप में और भी बड़ी सफलता प्राप्त करेंगी.

शेफाली वर्मा ने जताया आभार

शेफाली वर्मा ने मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा हरियाणा पूरे देश के लिए खेलों का रोल मॉडल बन चुका है. सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिया जा रहा प्रोत्साहन और सम्मान वाकई सराहनीय है.”उन्होंने अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें और मेहनत करने की प्रेरणा देगा.

ये भी पढ़ें: भूटान दौरे से वापस लौटने के तुरंत बाद LNJP अस्पताल पहुंचे पीएम मोदी, दिल्ली ब्लास्ट में घायलों से की मुलाकात