90 सेकंड में हॉगवर्ट्स की सैर! हैरी-रॉन की मस्ती और डंबलडोर का जादू देख खुश हुए फैंस

Harry Potter Series: हैरी पॉटर की जादुई दुनिया एक बार फिर पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है. HBO की नई सीरीज का 90 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें हैरी-रॉन की मस्ती, डंबलडोर का जादू और मैकगोनागल के साथ उनकी खास बातचीत देखने को मिली. जानिए कब रिलीज होगी सीरीज

harry-potter-hbo-series-90-second-video-release-date-cast
Image Source: Social Media

Harry Potter Series: हैरी पॉटर की जादुई दुनिया एक बार फिर पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है. HBO की नई सीरीज का 90 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें हैरी-रॉन की मस्ती, डंबलडोर का जादू और मैकगोनागल के साथ उनकी खास बातचीत देखने को मिली. हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया, हवा में उड़ती चीजें, खाने से भरी मेज और हैरी पॉटर की शरारतें, अगर आप भी इस दुनिया को मिस कर रहे थे, तो आपके लिए अच्छी खबर है. HBO की अपकमिंग सीरीज 'Harry Potter and the Philosopher's Stone' का नया वीडियो रिलीज हुआ है. करीब 90 सेकंड की इस झलक ने फैंस की पुरानी यादें ताजा करने के साथ ही उनकी एक्साइटमेंट भी बढ़ा दी है. वीडियो में हैरी, रॉन और हॉगवर्ट्स के जादुई माहौल के अलावा डंबलडोर और प्रोफेसर मैकगोनागल की खास बातचीत भी दिखाई गई है.

 

हैरी ने रॉन से पूछा डंबलडोर से जुड़ा सवाल

HBO ने सीरीज का एक खास सीन जारी किया है, जो हॉगवर्ट्स में नए सेशन की शुरुआत पर होने वाली दावत का है. सॉर्टिंग हैट सेरेमनी के बाद सभी छात्र ग्रेट हॉल में खाना खाने के लिए जुटते हैं. इसी दौरान हैरी पॉटर (डॉमिनिक मैकलॉफलिन) अपने दोस्त रॉन वीस्ली (एलिस्टर स्टाउट) से डंबलडोर के बारे में सवाल करता है.

हैरी पूछता है, 'क्या डंबलडोर थोड़े पागल हैं?' इस पर रॉन मुस्कुराते हुए जवाब देता है, 'हां, बिल्कुल. उनका दिमाग थोड़ा खिसका हुआ है।'

दोनों की यह बातचीत चल ही रही होती है कि डंबलडोर अपनी उंगलियां चटकाते हैं. देखते ही देखते ग्रेट हॉल की मेजों पर तरह-तरह के लजीज पकवान सज जाते हैं. इसके बाद सभी बच्चे खुशी-खुशी खाने में जुट जाते हैं. यह सीन हॉगवर्ट्स की उसी जादुई दुनिया की याद दिलाता है, जिसने सालों पहले दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया था.

डंबलडोर और मैकगोनागल की बातचीत ने जीता दिल

वीडियो में एक और खास पल देखने को मिलता है, जब डंबलडोर और प्रोफेसर मिनर्वा मैकगोनागल (जेनेट मैकटीर) के बीच बातचीत होती है. डंबलडोर नोटिस करते हैं कि मैकगोनागल काफी खुश नजर आ रही हैं. वह मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि क्या वह इस बात से खुश हैं कि हैरी उनके ग्रिफिंडोर हाउस में आया है. इस पर मैकगोनागल कहती हैं कि हैरी बिल्कुल अपने दिवंगत पिता जेम्स पॉटर जैसा दिखता है. दोनों की शक्ल में इतनी समानता है कि यकीन करना मुश्किल है. जवाब में डंबलडोर कहते हैं, 'दिखने से धोखा हो सकता है, मिनर्वा. उसका स्वभाव पूरी तरह उसका अपना है।'

फैंस ने की डंबलडोर और मैकगोनागल के और सीन दिखाने की मांग

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोगों को डंबलडोर और मैकगोनागल की बातचीत सबसे ज्यादा पसंद आई. एक यूजर ने कहा कि इस बातचीत से लगता है कि नई सीरीज में हैरी के साथ-साथ दूसरे किरदारों की दुनिया को भी विस्तार से दिखाया जाएगा. वहीं, एक अन्य फैन ने जेम्स पॉटर से हैरी की शक्ल मिलने वाले सीन की तारीफ की. कुछ दर्शकों ने डंबलडोर और मैकगोनागल की दोस्ती के ऐसे और पल देखने की इच्छा जताई. कुल मिलाकर, डेढ़ मिनट की इस झलक ने फैंस को एक बार फिर हॉगवर्ट्स के किरदारों से जोड़ दिया है.

कौन-कौन से कलाकार आएंगे नजर?

HBO की यह सीरीज जेके रोलिंग की मशहूर हैरी पॉटर किताबों पर आधारित है. पहले सीजन में किताब 'Harry Potter and the Philosopher's Stone' की कहानी दिखाई जाएगी. इसमें डॉमिनिक मैकलॉफलिन हैरी पॉटर, एलिस्टर स्टाउट रॉन वीस्ली और अरबेला स्टैंटन हर्माइनी ग्रेंजर के किरदार निभाएंगे. वहीं, जॉन लिथगो डंबलडोर, जेनेट मैकटीर प्रोफेसर मैकगोनागल, पापा एस्सिएडू प्रोफेसर स्नेप और निक फ्रॉस्ट हैग्रिड के रोल में नजर आएंगे. वॉरविक डेविस भी इस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं. वह एक बार फिर प्रोफेसर फ्लिटविक का किरदार निभाएंगे.

क्रिसमस पर होगा पहला सीजन प्रीमियर

हैरी पॉटर की इस नई सीरीज का पहला सीजन क्रिसमस डे यानी 25 दिसंबर को प्रीमियर होगा. ऐसे में दुनियाभर के फैंस को एक बार फिर हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया में लौटने का मौका मिलेगा.

यह भी पढ़ें: Ramayana: 11 दिन में 'रामायण' ने रचा इतिहास, 'धुरंधर 2' को पछाड़कर बनी पांचवीं सबसे बड़ी फिल्म!