Haiwaan Box Office Collection: अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘हैवान’ से बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी, फिलहाल वह देखने को नहीं मिल रहा है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन भी निराश किया. पहले दिन धीमी शुरुआत के बाद शनिवार को भी इसकी कमाई में गिरावट दर्ज हुई. ऐसे में वीकएंड पर कलेक्शन बढ़ने की उम्मीदों को झटका लगा है.
दूसरे दिन की सिर्फ इतनी कमाई
‘हैवान’ को रिलीज के बाद दर्शकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है. फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शुरुआत की थी. वहीं दूसरे दिन शनिवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म ने 1.32 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. देर रात तक इन आंकड़ों में इजाफा हो सकता है. फिलहाल फिल्म का कुल कलेक्शन 4.32 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
इन फिल्मों से मिल रही सीधी टक्कर
बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ को पहले से सिनेमाघरों में चल रही फिल्मों से कड़ी चुनौती मिल रही है. फिल्म की सीधी टक्कर ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ से बताई जा रही है. जहां ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 37वें दिन 8.98 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, वहीं ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने नौवें दिन 6.32 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसके अलावा ‘टॉक्सिक’ और ‘इरुमुडी’ जैसी फिल्में भी सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं.
क्या है ‘हैवान’ की कहानी?
फिल्म की कहानी श्याम की है, जिसका किरदार सैफ अली खान ने निभाया है. जन्म से दृष्टिहीन श्याम मार्शल आर्ट्स का उस्ताद है और एक पॉश सोसाइटी में मेंटेनेंस मैनेजर के तौर पर काम करता है. कहानी तब बदल जाती है जब सोसाइटी के रिटायर्ड जज प्रधान की हत्या हो जाती है. मौत से पहले जज श्याम को अपने अतीत से जुड़े परशुराम के बारे में बताते हैं. जज के गलत फैसले से एक बेगुनाह युवक का परिवार तबाह हो जाता है और वह मानसिक अस्पताल पहुंच जाता है. जेल से बाहर आने के बाद परशुराम साइको किलर बन जाता है और जज से जुड़े लोगों को निशाना बनाने लगता है. अब उसकी नजर जज की सीक्रेट बेटी नंदिनी पर है, जिसे बचाने की जिम्मेदारी श्याम पर आ जाती है.
18 साल बाद साथ नजर आए अक्षय-सैफ
‘हैवान’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है और यह 2016 में आई मलयालम थ्रिलर फिल्म ‘ओप्पम’ की हिंदी रीमेक है. फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की खास बात यह है कि अक्षय और सैफ करीब 18 साल बाद बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आए हैं. दोनों को आखिरी बार 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था.
ये भी पढ़ें: ‘Hanuman Ansh’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 36वें दिन 200 करोड़ पार, दुनिया भर में मचाई धूम