GT vs SRH: आज गुजरात से भिड़ेगी हैदराबाद; बल्लेबाज या गेंदबाज... किसका होगा दबदबा? पढ़ें पिच रिपोर्ट

GT vs SRH Pitch Report: आज मंगलवार को IPL 2026 का 56वां मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा.

Gujarat Titans vs SunRisers Hyderabad narendra modi stadium pitch report
Image Source: ANI

GT vs SRH Pitch Report: आज मंगलवार को IPL 2026 का 56वां मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यह मैच अंक तालिका के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. जीत हासिल करने वाली टीम नंबर-1 पोजीशन पर काबिज हो जाएगी, जिससे दोनों टीमों के लिए दबाव और रोमांच दोगुना हो जाएगा. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों के लिए यह परीक्षा का वक्त है, क्योंकि उनके सामने मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की जोड़ी गेंदबाजी की तेज रफ्तार से कहर बरपा सकती है.

पिच रिपोर्ट: स्पिनर्स की भूमिका अहम

गुजरात बनाम हैदराबाद का मुकाबला इस बार पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा. पिछली बार इसी पिच पर मुंबई ने तिलक वर्मा की शानदार नाबाद 101 रन की पारी की बदौलत 199 रन बनाए थे, लेकिन गुजरात की पूरी टीम 100 रन के अंदर ढेर हो गई थी. पिच पर उछाल ज्यादा नहीं मिलने की संभावना है, इसलिए लाइन और लेंथ पर ध्यान रखने वाले गेंदबाजों के लिए विकेट गिरवाना आसान हो सकता है. वहीं रफ्तार या बाउंस से बल्लेबाजों को परेशान करना मुश्किल होगा.

इस पिच पर स्पिनरों की अहमियत बढ़ जाती है. गुजरात के स्टार स्पिनर राशिद खान आज टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं. अगर उनकी गेंदबाजी समय पर और सटीक हुई, तो SRH के बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं रहेगा.

मौसम का प्रभाव

अहमदाबाद का मौसम आज मैच के लिए अनुकूल रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन पहली पारी के शुरुआती 10 ओवरों में गरमी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है. हवाएं लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है, और रात के समय तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.

नरेंद्र मोदी स्टेडियम का IPL रिकॉर्ड

आज का मैच इस स्टेडियम में IPL का 50वां मुकाबला होगा. अब तक खेले गए 49 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 24 बार जीतने में सफल रही है, जबकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 25 बार जीत दर्ज की है. इस मैदान का सबसे अधिक स्कोर 243 रन है, जो पंजाब ने पिछले साल बनाया था, और सबसे बड़ी रन चेज़ 204 रन की रही है, जो गुजरात ने 2025 में दिल्ली के खिलाफ की थी. इस स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 177 रन है. आज का मुकाबला न सिर्फ दोनों टीमों के लिए बल्कि फैंस के लिए भी रोमांचक और निर्णायक साबित होने वाला है.

ये भी पढ़ें: PBKS vs DC: अक्षर पटेल ने ऐसी क्या गलती की, जो BCCI ने ठोक दिया 12 लाख का जुर्माना? जानें मामला