Gopashtami 2026: हिंदू धर्म में गाय को पूजनीय माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ माता की सेवा और पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में खुशहाली बनी रहती है. इसी आस्था को समर्पित गोपाष्टमी का पर्व हर साल श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. साल 2026 में यह त्योहार 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा. इस दिन मंदिरों और गोशालाओं में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. मान्यता है कि गोपाष्टमी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से है.
गोपाष्टमी 2026 की तारीख और शुभ समय
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 17 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 20 मिनट से शुरू होगी और 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 6 मिनट तक रहेगी. उदयातिथि की मान्यता के अनुसार गोपाष्टमी का पर्व 17 नवंबर, मंगलवार को ही मनाया जाएगा. इस दिन श्रद्धालु सुबह स्नान और पूजा-पाठ के बाद गौ माता की आराधना करते हैं. कई स्थानों पर गोशालाओं में विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं.
भगवान श्रीकृष्ण से क्या है गोपाष्टमी का संबंध?
गोपाष्टमी मनाने के पीछे भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक खास पौराणिक कथा प्रचलित है. मान्यता है कि बचपन में श्रीकृष्ण केवल बछड़ों को चराने जाया करते थे, लेकिन जब वह कुछ बड़े हुए तो कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन पहली बार उन्होंने अपने बड़े भाई बलराम के साथ गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली. भगवान श्रीकृष्ण की इस लीला को गौ-चारण लीला कहा जाता है. इसी कारण उन्हें गोपाल और गोविंद जैसे नामों से भी पुकारा जाता है. तभी से इस तिथि को गोपाष्टमी के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई.
गोवर्धन पर्वत की कथा से भी जुड़ा है पर्व
गोपाष्टमी का धार्मिक महत्व गोवर्धन पर्वत से जुड़ी पौराणिक कथा में भी मिलता है. मान्यता है कि जब श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्रदेव के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया, तो इंद्र ने नाराज होकर मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों को बारिश से बचाया. कहा जाता है कि कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमी तक श्रीकृष्ण ने पर्वत को धारण किया था. इस घटना को भी गोपाष्टमी से जोड़कर देखा जाता है.
गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा का महत्व
हिंदू धर्म में गाय को मां का दर्जा दिया गया है. धार्मिक मान्यता है कि गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है. इसी वजह से गोपाष्टमी पर गायों की पूजा और सेवा को विशेष फलदायी माना जाता है. इस दिन गाय और बछड़ों को स्नान कराकर हल्दी, कुमकुम, फूलों की माला और वस्त्रों से सजाया जाता है. इसके बाद उन्हें हरा चारा, गुड़ और पकवान खिलाए जाते हैं. मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से गौ सेवा करने से देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.
गोपाष्टमी पर कैसे करें गौ माता की सेवा?
गोपाष्टमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और पूजा के बाद गौ माता तथा उनके बछड़ों को तिलक लगाएं. उन्हें फूलों की माला पहनाकर आरती उतारें और हरा चारा, गुड़ व अन्य खाद्य पदार्थ खिलाएं. इस अवसर पर कई श्रद्धालु गोशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं और उनकी परिक्रमा भी करते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी पर गौ माता की सेवा करने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेना भी शुभ माना जाता है.
ये भी पढ़ें- Kal Ka Rashifal: कल इन राशियों के खुलेंगे भाग्य के द्वार, आर्थिक स्थिति में आएगा उछाल, जानें अपना राशिफल