Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की चाकू से हत्या करने का आरोप है. घटना के दौरान छोटी बेटी ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन भागते समय गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
आधी रात घर में मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:15 बजे लोकप्रिय विहार की गली नंबर 3 से वारदात की सूचना मिली थी. इसके बाद खोड़ा थाना पुलिस के साथ इंदिरापुरम एसीपी सूर्यबली मौर्य भी मौके पर पहुंचे. राजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला बताया जा रहा है और दिल्ली में मुनीम का काम करता है. वह अपनी पत्नी तबस्सुम और दो बेटियों सना और रूबी के साथ किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पत्नी और बड़ी बेटी की मौत, छोटी बेटी घायल
आरोप है कि राजा अंसारी ने चाकू से हमला कर अपनी पत्नी तबस्सुम और बड़ी बेटी सना की जान ले ली. वहीं, छोटी बेटी रूबी भी हमले की चपेट में आई और किसी तरह वहां से भाग निकली. भागने के दौरान गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं. घायल रूबी को इलाज के लिए एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं.
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. एसीपी सूर्यबली मौर्य के अनुसार, मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. शुरुआती तौर पर परिवार में किसी तरह के तनाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: पत्नी की हत्या, फिर बहन और खुद को मारी गोली, 3 पिस्टल से उलझी गुत्थी; लखनऊ डबल मर्डर की Inside Story