Relationship Tips: हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं. कभी छोटी-सी बात पर बहस होती है तो कभी दोनों एक-दूसरे से नाराज भी हो जाते हैं. लेकिन परेशानी तब शुरू होती है, जब रिश्ते में झगड़े तो नहीं होते, फिर भी धीरे-धीरे अपनापन और जुड़ाव कम होने लगता है. आप साथ होते हैं, लेकिन अंदर से अकेले महसूस करने लगते हैं. कई बार ऐसा बदलाव इतना धीरे आता है कि हमें समझ ही नहीं आता कि कब रिश्ता दो लोगों की साझेदारी से सिर्फ एक व्यक्ति की जिम्मेदारी बन गया. अगर आपको भी लग रहा है कि पार्टनर के साथ रिश्ता निभाने की कोशिश लगातार सिर्फ आप ही कर रहे हैं, तो कुछ संकेतों पर गौर करना जरूरी है.
हर बार पहल करने वाले आप ही हैं
क्या पहले आप दोनों एक-दूसरे को मैसेज करते थे, मिलने का प्लान बनाते थे और साथ समय बिताने के मौके तलाशते थे? लेकिन अब ऐसा लगता है कि बातचीत शुरू करने से लेकर मिलने का प्लान बनाने तक हर जिम्मेदारी आपकी ही है. आप ही पूछते हैं कि पार्टनर कब फ्री है और आप ही रिश्ते को एक्टिव रखने की कोशिश करते हैं. अगर यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, तो यह रिश्ते में असंतुलन का संकेत हो सकता है.
उनकी फिक्र आपको, लेकिन आपकी चिंता किसे?
रिश्ते में सिर्फ साथ रहना ही काफी नहीं होता, एक-दूसरे की जिंदगी में दिलचस्पी लेना भी जरूरी है. अगर आपको पार्टनर के काम का तनाव, उनकी परेशानियां और छोटी-छोटी बातें तक याद रहती हैं, लेकिन उन्हें शायद ही कभी यह जानने की जरूरत महसूस होती है कि आप कैसा महसूस कर रहे हैं, तो इस अंतर पर ध्यान देना चाहिए. हालांकि, किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पार्टनर की व्यस्तता और परिस्थितियों को समझना और इस बारे में खुलकर बात करना जरूरी है.
हर लड़ाई का अंत भी आपको ही करना पड़ता है
किसी भी रिश्ते में मतभेद होना सामान्य है. असली बात यह है कि दोनों मिलकर उस मतभेद को कैसे सुलझाते हैं. अगर हर बार नाराजगी खत्म करने, बात शुरू करने या पार्टनर को मनाने की जिम्मेदारी आपकी ही होती है, तो धीरे-धीरे मानसिक थकान बढ़ सकती है. रिश्ता तब ज्यादा मजबूत महसूस होता है, जब दोनों लोग अपनी गलती समझने और चीजों को बेहतर करने की कोशिश करें.
साथ होकर भी अकेलापन महसूस होना
क्या कभी ऐसा लगता है कि पार्टनर आपके सामने मौजूद है, लेकिन फिर भी आप अपनी भावनाएं अकेले संभाल रहे हैं? रिश्ते में भावनात्मक जुड़ाव कम होने पर ऐसा महसूस हो सकता है. जब एक व्यक्ति लगातार रिश्ते को बचाने, बातचीत बनाए रखने और चीजों को ठीक करने की कोशिश करता है, तो उसे धीरे-धीरे अकेलापन और भावनात्मक थकान महसूस होने लगती है.
हर बार समझौता आपको ही करना पड़ता है
रिश्ते में समझौता दोनों तरफ से होता है. कभी आपकी पसंद के हिसाब से प्लान बनता है तो कभी पार्टनर की पसंद को प्राथमिकता दी जाती है. लेकिन अगर ज्यादातर समय आपको ही अपनी पसंद, सुविधा या जरूरतों से समझौता करना पड़ रहा है, तो यह सोचने वाली बात है. उदाहरण के लिए, हर बार पार्टनर के शेड्यूल के हिसाब से आपका प्लान बदलना और आपकी इच्छाओं को लगातार नजरअंदाज करना रिश्ते में असंतुलन दिखा सकता है.
रिश्ते में बराबरी का होना जरूरी है
इन संकेतों में से एक-दो चीजें कभी-कभार होना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि रिश्ता एकतरफा है. हर व्यक्ति का प्यार जताने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने का तरीका अलग हो सकता है. लेकिन अगर लंबे समय से आपको ही पहल, समझौते, बातचीत और रिश्ते को संभालने की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है, तो इस बारे में पार्टनर से ईमानदारी से बात करना जरूरी है. एक स्वस्थ रिश्ता वही है, जिसमें दोनों लोग एक-दूसरे के लिए समय, सम्मान और प्रयास देने की इच्छा रखते हों.
ये भी पढ़ें- न झगड़ा, न प्यार... क्या आपकी शादी में भी शुरू हो गया है ‘Quiet Quitting’? जानें फिर से कैसे लौटेगी नजदीकी