अमेरिका के ओहायो में फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, कई लोग घायल; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलेडो शहर में शनिवार को आयोजित ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई.

Firing during festival in Ohio America many people injured
Image Source: Social Media

अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलेडो शहर में शनिवार को आयोजित ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई. अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही टोलेडो पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते और सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं

टोलेडो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध हमलावरों की तलाश जारी है. अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी भी संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही किसी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है. गोलीबारी के पीछे की वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें.

अधिकारियों ने जताई चिंता

घटना के बाद ओहायो के गवर्नर माइक डिवाइन और टोलेडो सिटी काउंसिल की सदस्य थेरेसा मॉरिस ने चिंता व्यक्त की. गवर्नर ने कहा कि ऐसे सामुदायिक और पारिवारिक आयोजनों में लोगों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए. उन्होंने हिंसा की घटनाओं को गंभीर बताते हुए दोषियों को जल्द पकड़ने की उम्मीद जताई.

पूर्व नेवी सैनिक ने घायलों की मदद की

घटनास्थल के पास मौजूद अमेरिकी नौसेना के पूर्व सैनिक केविन बेरी ने गोलीबारी के बाद राहत कार्य में मदद की. वे पास के आर्बोरेटम क्षेत्र में लाइव संगीत कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी.

बेरी ने बताया कि फायरिंग शुरू होते ही लोगों में भगदड़ मच गई और सभी को जमीन पर लेटने के लिए कहा गया. स्थिति सामान्य होने पर उन्होंने आसपास का जायजा लिया और अपनी मेडिकल ट्रेनिंग का उपयोग करते हुए घायलों की सहायता की.

उनके अनुसार, घटनास्थल के आसपास उन्हें गोली लगने से घायल कम से कम पांच लोग दिखाई दिए. उन्होंने यह भी बताया कि गोलीबारी के कुछ ही समय बाद वहां तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली.

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद फेस्टिवल क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो फुटेज हो तो वह जांच एजेंसियों के साथ साझा करे.

फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- LPG Price Hike: खाना बनाना हुआ महंगा! घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी, जानें नया रेट