BLF ने पहली बार किया महिला फिदायीन का किया इस्तेमाल, हमले में पाकिस्तानी सेना के 6 जवानों की मौत

    बलूचिस्तान के उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को बड़ा झटका देते हुए चगाई जिले में स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स के हाई-सिक्योरिटी कॉम्प्लेक्स पर आत्मघाती हमला किया है.

    Female fidayeen attack on Pakistani army in Balochistan
    प्रतिकात्मक तस्वीर/ X

    इस्लामाबाद: बलूचिस्तान के उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को बड़ा झटका देते हुए चगाई जिले में स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स के हाई-सिक्योरिटी कॉम्प्लेक्स पर आत्मघाती हमला किया है. यह हमला रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि BLF ने पहली बार किसी महिला फिदायीन को मिशन पर भेजा.

    रविवार शाम किए गए इस हमले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के कम से कम 6 जवानों की मौत की पुष्टि हुई है. यह परिसर चीनी और कनाडाई कंपनियों से जुड़े बड़े कॉपर और गोल्ड प्रोजेक्ट्स- सैंदक और रेको डिक के लिए एक महत्वपूर्ण स्टेजिंग पॉइंट माना जाता है.

    महिला फिदायीन की पहचान और तस्वीर जारी

    BLF ने हमले के बाद आत्मघाती हमलावर की पहचान जरीना रफीक उर्फ ट्रांग माहू के रूप में की है और उसकी तस्वीर जारी की है. संगठन के अनुसार, जरीना ने सुरक्षा बैरियर पर खुद को विस्फोट से उड़ा दिया, ताकि BLF के लड़ाके मुख्य परिसर तक पहुँच सकें.

    सूत्रों के मुताबिक, जिस स्थान को निशाना बनाया गया, वहाँ चीन से जुड़े खनन प्रोजेक्ट्स का बड़ा संचालन तंत्र सक्रिय था. ऐसे प्रोजेक्ट्स पर बढ़ते आतंकी हमले इस बात का संकेत हैं कि BLF आर्थिक गतिविधियों को बाधित कर पाकिस्तान पर दबाव बनाने की रणनीति अपना रहा है.

    BLF की आत्मघाती यूनिट ने ऑपरेशन चलाया

    टेलीग्राम पर जारी बयान में BLF के प्रवक्ता ग्वाहरम बलूच ने बताया कि यह हमला संगठन की विशेष आत्मघाती यूनिट सद्दो ऑपरेशन बटालियन (SOB) ने अंजाम दिया. इस यूनिट का नाम BLF के दिवंगत कमांडर वाजा सद्दो उर्फ सदात मारी के नाम पर रखा गया है.

    यह पहली बार है जब BLF ने महिला सदस्य को फिदायीन मिशन पर भेजा है. इससे पहले बलूचिस्तान के दूसरे विद्रोही संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ही महिला आत्मघाती हमलावरों का इस्तेमाल करता रहा है.

    दो दिनों में 27 पाकिस्तानी सैनिक मारे- BLA का दावा

    BLF के हमले के तुरंत बाद बलूचिस्तान का एक और उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) भी सक्रिय दिखा. BLA ने दावा किया कि उसने 28 और 29 नवंबर को पाकिस्तान सुरक्षा बलों के खिलाफ कई हमले किए.

    BLA के बयान के अनुसार—

    • दो दिनों में 29 अलग-अलग हमले
    • पाकिस्तानी सेना के 27 जवान मारे जाने का दावा
    • हथियार और गोला-बारूद जब्त
    • एक महत्वपूर्ण मोटरवे पर कब्ज़ा करने का दावा

    इसी दौरान ग्वादर के पासनी क्षेत्र में कोस्ट गार्ड कैंप पर ग्रेनेड लॉन्चर दागे गए और क्वेटा में सेना के ठिकानों के पास लगातार छह धमाकों की खबर मिली है.

    कई जिलों में सेना और खुफिया तंत्र पर  हमले

    BLA ने यह भी दावा किया कि—

    • ग्वादर के जिवानी इलाके में मिलिट्री इंटेलिजेंस टीम पर रिमोट-कंट्रोल IED से हमला
    • मस्तंग में एक पाकिस्तानी मेजर के घर को निशाना बनाया गया
    • क्वेटा में सेना की कई चौकियों के पास रातभर विस्फोट होते रहे

    इन हमलों की पुष्टि अभी स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है, लेकिन क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों से स्पष्ट है कि हाल में बलूचिस्तान में तनाव बढ़ता जा रहा है.

    ये भी पढ़ें- 'Sanchar Saathi ऐप अनिवार्य नहीं, फोन से डिलीट कर सकते हैं', बवाल के बीच केंद्रीय संचार मंत्री का जवाब