PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल दिवस और 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया.
दौरे के दौरान पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की. इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए.
कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. इन योजनाओं का उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और लोगों को नई सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
पश्चिम बंगाल में फसल बीमा योजना की शुरुआत
पीएम मोदी ने हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की. इस योजना के लागू होने के बाद पश्चिम बंगाल के किसानों को भी फसल नुकसान होने पर बीमा का लाभ मिल सकेगा. यह दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजनाओं में से एक मानी जाती है.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के लिए भूमि पूजन
तारकेश्वर में प्रधानमंत्री ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन भी किया.
ग्रामीण सड़कों को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बंगाल के विभिन्न जिलों में 315 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया. इन परियोजनाओं से गांवों में बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और लोगों की आवाजाही आसान होगी. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से किसानों, ग्रामीणों और स्थानीय कारोबारियों को सीधा फायदा मिलेगा और राज्य के विकास को नई गति मिलेगी.
ये भी पढ़ें- पूर्वी भारत अब विकास का नया गेटवे... ओडिशा में पीएम मोदी का बड़ा बयान, ₹47,600 करोड़ की दी सौगात