Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत को बेहद पुण्यदायी माना जाता है. यह तिथि भगवान विष्णु की आराधना के लिए समर्पित है. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियम के साथ व्रत रखने तथा पूजा करने से भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है. साल के आखिरी दो महीनों नवंबर और दिसंबर में भी तीन महत्वपूर्ण एकादशी पड़ने वाली हैं. इनका धार्मिक महत्व अलग-अलग है और हर व्रत से जुड़ी अपनी विशेष मान्यताएं हैं.
नवंबर-दिसंबर में कब हैं साल की आखिरी तीन एकादशी?
साल 2026 अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और इस साल की सिर्फ तीन एकादशी बाकी हैं. इनमें पहली देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को, दूसरी उत्पन्ना एकादशी 4 दिसंबर को और तीसरी मोक्षदा एकादशी 20 दिसंबर को मनाई जाएगी. खास बात यह है कि मोक्षदा एकादशी के दिन ही गीता जयंती का पर्व भी पड़ेगा. ऐसे में इन तीनों तिथियों पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूजा और पारण का समय जानना जरूरी है.
इस दिन जागेंगे भगवान विष्णु
देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. स्मार्त परंपरा के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को यह व्रत रखा जाएगा, जबकि वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर को व्रत करेंगे. एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. व्रत का पारण 21 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट के बीच किया जाएगा. धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है. इसके साथ ही विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. कई जगहों पर इस अवसर पर तुलसी विवाह भी कराया जाता है.
जानें व्रत और पारण का समय
मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की उत्पन्ना एकादशी 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी. एकादशी तिथि 3 दिसंबर को रात 11 बजकर 3 मिनट से शुरू होकर 4 दिसंबर को रात 11 बजकर 44 मिनट तक रहेगी. व्रत का पारण 5 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 59 मिनट से 9 बजकर 4 मिनट के बीच किया जाएगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि पर देवी एकादशी का प्राकट्य हुआ था. पौराणिक कथा के मुताबिक, भगवान विष्णु ने इसी दिन मूर नाम के राक्षस का वध किया था. देवी एकादशी को भगवान विष्णु की शक्ति माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से व्यक्ति के जाने-अनजाने में किए गए पापों का नाश होता है और उसे मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग मिलता है.
इस दिन मनाई जाएगी गीता जयंती
साल 2026 की आखिरी एकादशी मोक्षदा एकादशी होगी, जो 20 दिसंबर, रविवार को पड़ रही है. इस दिन गीता जयंती भी मनाई जाएगी. एकादशी तिथि 19 दिसंबर को रात 10 बजकर 9 मिनट से शुरू होकर 20 दिसंबर को रात 8 बजकर 15 मिनट तक रहेगी. व्रत का पारण 21 दिसंबर, सोमवार को किया जाएगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की इसी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र के युद्ध मैदान में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था. इसी कारण इस दिन गीता जयंती मनाने की परंपरा है. मोक्षदा एकादशी को मुक्तिदायिनी भी कहा जाता है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा करने तथा व्रत रखने से मोक्ष की प्राप्ति होती है और पितरों को भी सद्गति मिलती है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन 3 राशियों के जीवन में बढ़ेगा रोमांस, पार्टनर के साथ गहरे होंगे रिश्ते, पढ़ें लव राशिफल