महाराष्ट्र में प्रवर्तन निदेशालय ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग और जबरन वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वयंभू धर्मगुरु अशोक कुमार एकनाथ खरात उर्फ ‘कैप्टन’ को गिरफ्तार कर लिया है. जांच एजेंसी ने आरोपी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत हिरासत में लिया. बाद में मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने उसे 26 मई 2026 तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया.
धार्मिक गतिविधियों की आड़ में चल रहा था रैकेट
प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक आरोपी धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की आड़ में कथित तौर पर संगठित जबरन वसूली नेटवर्क चला रहा था. एजेंसी का कहना है कि जांच के दौरान कई ऐसे इनपुट मिले, जिनके आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई.
ईडी ने 13 और 14 अप्रैल, 17 अप्रैल, 23 अप्रैल, 5 मई और 18 मई 2026 को आरोपी और उसके करीबियों से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया. इन छापों के दौरान एजेंसी को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत हाथ लगे.
करोड़ों रुपये की नकदी और संपत्ति जब्त
जांच एजेंसी के अनुसार छापेमारी के दौरान करीब 13.92 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा 5,500 अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई. ईडी ने लगभग 1.12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण भी अपने कब्जे में लिए हैं.
इतना ही नहीं, एजेंसी ने 2.25 करोड़ रुपये की बैंक राशि को फ्रीज किया है और एक लग्जरी मर्सिडीज बेंज कार भी जब्त की गई है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी ने धार्मिक गतिविधियों और कथित प्रभाव का इस्तेमाल कर बड़ी मात्रा में संपत्ति जुटाई.
डिजिटल उपकरण और दस्तावेज भी जांच के दायरे में
तलाशी अभियान के दौरान ईडी को कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. अब एजेंसी इन सभी रिकॉर्ड की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित अवैध वसूली और धन के लेन-देन में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क के जरिए कितनी संपत्ति बनाई गई और धन का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया.
महिलाओं को ब्लैकमेल करने के आरोप
मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार आरोपी पर महिलाओं को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और डराकर पैसे वसूलने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं. हालांकि जांच अभी जारी है और एजेंसियां इस पूरे मामले में सबूत जुटाने में लगी हुई हैं.
ये भी पढ़ें- Nautapa 2026: आज से नौतपा 2026 की शुरुआत, क्या टूटेंगे गर्मी के रिकॉर्ड? जानें पिछले 5 सालों का हाल