Diwali Remedies 2025: दीपों की रौशनी से जगमगाती दिवाली की रात सिर्फ एक त्योहार नहीं, एक आध्यात्मिक अवसर भी है. ये रात न केवल रोशनी की विजय का प्रतीक है, बल्कि "महानिशा" यानी ऐसी रात भी है, जिसमें किए गए कुछ खास उपाय जीवन में सुख, समृद्धि और शांति ला सकते हैं.
ऐसी मान्यता है कि दिवाली की रात देवी लक्ष्मी अपने भक्तों के घर आती हैं, लेकिन वे केवल वहीं रुकती हैं जहाँ श्रद्धा, शुद्धता और सकारात्मक ऊर्जा होती है. तो क्यों न इस वर्ष आप भी कुछ ऐसे सरल लेकिन शक्तिशाली उपाय अपनाएं, जो देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करें और आपके जीवन में आर्थिक उन्नति और खुशहाली का मार्ग खोलें? यहां हम बता रहे हैं दिवाली की रात किए जाने वाले कुछ सिद्ध उपाय, जिन्हें अपनाने से न केवल धन की प्राप्ति होती है, बल्कि जीवन के कई संकट भी दूर हो जाते हैं.
1. सात या नौ मुखी दीपक से करें आराधना
दिवाली की रात देसी घी का सात या नौ मुखी दीपक जलाना बेहद शुभ माना जाता है. ऐसा दीपक घर के पूजास्थल या मुख्य द्वार पर रखें और इसमें शुद्ध देसी घी व रूई की बाती का प्रयोग करें.
लाभ: इससे घर में लक्ष्मी का वास होता है, स्वास्थ्य में सुधार आता है और जीवन में दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
2. पीली या सफेद कौड़ियों का धनवर्धक प्रयोग
लक्ष्मी पूजन के समय पांच कौड़ियां, पांच कमलगट्टे और थोड़ी पीली सरसों लें. इन्हें लाल कपड़े में बांधकर एक पोटली बनाएं और इसे पूजा के समय मां लक्ष्मी के चरणों में रखें.
मंत्र:
ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः
इस मंत्र का 108 बार जाप करें और अगले दिन यह पोटली तिजोरी में रख दें.
लाभ: घर में कभी धन की कमी नहीं रहती और आर्थिक संकट दूर होते हैं.
3. मखाने की खीर से करें देवी लक्ष्मी का भोग
दिवाली की रात मखाने की खीर बनाकर मां लक्ष्मी को भोग लगाएं.
लाभ: यह उपाय मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है. इससे परिवार में सुख-समृद्धि आती है और नए आय स्रोतों का द्वार खुलता है.
4. शंखनाद से करें नकारात्मक ऊर्जा का नाश
पूजा के बाद घर के सभी कोनों में शंख बजाएं.
लाभ: इससे देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा बरसती है. साथ ही, घर की नकारात्मकता दूर होकर शांति और सौभाग्य का वातावरण बनता है.
यह भी पढ़ें- INDw vs AUSw: एक गलती, 5 रन और चर्चा का विषय बन गई ऑस्ट्रेलियाई कप्तान! जानिए भारत को कैसे मिले पेनल्टी रन