Dev Uthani Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है. मान्यता है कि आषाढ़ महीने की देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक महीने की इस एकादशी पर जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. इस दिन भक्त विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और उन्हें भोग लगाकर जागने का निमंत्रण देते हैं. आइए जानते हैं 20 नवंबर 2026 को भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त, पूजा की परंपरा और इससे जुड़ी पौराणिक कथा.
देवउठनी एकादशी 2026 पर भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने और उनकी पूजा-अर्चना के लिए शाम का समय शुभ माना गया है. 20 नवंबर 2026 को गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 26 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा. यानी भक्तों को भगवान के जागरण और पूजन के लिए कुल 26 मिनट का विशेष समय मिलेगा. इस दिन रवि योग भी रहेगा, जिसे ज्योतिषीय मान्यताओं में शुभ माना जाता है. ऐसे में श्रद्धालु पूजा-पाठ के साथ दान-पुण्य और धार्मिक कार्य भी कर सकते हैं.
गन्ने का मंडप सजाकर ऐसे जगाएं भगवान विष्णु
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा बेहद खास होती है. इस दिन घर के आंगन या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप बनाया जाता है. इसके बीच में चौक या रंगोली सजाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित की जाती है. इसके बाद घी का दीपक जलाकर श्रीहरि को गन्ना, सिंघाड़ा, मौसमी फल और मिठाइयों का भोग लगाया जाता है. पूजा के दौरान शंख और घंटियां बजाई जाती हैं. भक्त भजन-कीर्तन करते हुए भगवान से योग निद्रा त्यागकर जागने की प्रार्थना करते हैं. इस अवसर पर पारंपरिक जागरण गीत 'उठो देव बैठो देव' भी गाया जाता है, जिसमें भगवान से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की जाती है.
'उठो देव बैठो देव' गीत से किया जाता है श्रीहरि का जागरण
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए लोक परंपरा में कई गीत गाए जाते हैं. इनमें 'उठो देव बैठो देव, हाथ-पांव फटकारो देव, उंगलियां चटकाओ देव, सिंघाड़े का भोग लगाओ देव' जैसे बोल विशेष रूप से प्रचलित हैं. इन गीतों में भगवान से जागने, भोग स्वीकार करने और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की जाती है. कुछ क्षेत्रों में इन गीतों के साथ गन्ना, सिंघाड़ा, बेर और गाजर का भोग लगाने की परंपरा भी है. अलग-अलग इलाकों में जागरण गीतों के बोल और रीति-रिवाजों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है.
क्या है देवउठनी एकादशी की पौराणिक कथा?
देवउठनी एकादशी से जुड़ी पौराणिक कथा भगवान विष्णु के वामन अवतार और राजा बलि से संबंधित है. मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु ने वामन अवतार लेकर दैत्यराज बलि से तीन पग भूमि दान में मांगी थी. राजा बलि ने अपना वचन निभाते हुए उन्हें दान देने का संकल्प लिया. इसके बाद भगवान वामन ने विराट रूप धारण कर दो पग में पृथ्वी और स्वर्ग को नाप लिया. तीसरे पग के लिए जब कोई स्थान नहीं बचा, तो राजा बलि ने अपना सिर आगे कर दिया. उनकी दानशीलता और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. इस पर बलि ने भगवान विष्णु से पाताल लोक में उनके साथ रहने का आग्रह किया.
मां लक्ष्मी ने ऐसे दिलाई भगवान विष्णु को मुक्ति
कथा के अनुसार, भगवान विष्णु के पाताल लोक में राजा बलि के साथ रहने से मां लक्ष्मी चिंतित हो गईं. तब उन्होंने एक उपाय निकाला और राजा बलि को अपना भाई बनाकर उनसे भगवान विष्णु को मुक्त करने का आग्रह किया. राजा बलि ने मां लक्ष्मी की बात मान ली और श्रीहरि को उनके साथ जाने की अनुमति दे दी. हालांकि, भगवान विष्णु ने राजा बलि को दिए वचन का मान रखते हुए चार महीने पाताल लोक में रहने और बाकी समय क्षीरसागर में निवास करने का निर्णय लिया. इसी मान्यता को चातुर्मास और देवउठनी एकादशी की परंपरा से जोड़ा जाता है. माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है.
ये भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी पर भद्रा का साया, शाम को कितनी देर मिलेगा पूजा का शुभ मुहूर्त?