आज 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जा रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है. इसके बाद विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. हालांकि, इस बार देवउठनी एकादशी पर भद्रा का साया भी रहने वाला है. पंचांग के अनुसार, भद्रा शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. ऐसे में आइए जानते हैं एकादशी की तिथि, पूजा और भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त.
देवउठनी एकादशी 2026 की तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू हो रही है. इसका समापन 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा. उदयातिथि के आधार पर देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जा रहा है.
देवउठनी एकादशी पर कब से कब तक रहेगी भद्रा?
इस साल देवउठनी एकादशी पर भद्रा का साया शाम 7 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगा. पंचांग की मान्यता के अनुसार, इस दिन चंद्रमा मीन राशि में स्थित है. इसी वजह से भद्रा का वास पृथ्वी लोक पर माना जा रहा है.
धार्मिक मान्यता है कि जब चंद्रमा कर्क, सिंह, कुंभ या मीन राशि में होता है, तब भद्रा पृथ्वी लोक पर रहती है. ऐसे में इस दौरान शुभ और मांगलिक कार्य करने से बचने की सलाह दी जाती है.
भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त क्या है?
देवउठनी एकादशी पर पूजा-पाठ और भगवान विष्णु को जगाने के लिए तीन शुभ मुहूर्त बताए गए हैं. इनमें अभिजीत और विजय मुहूर्त धार्मिक अनुष्ठानों के लिए शुभ माने जाते हैं, जबकि शाम का गोधूलि मुहूर्त भगवान विष्णु के जागरण और पूजा के लिए खास है.
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:53 बजे से 2:35 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक
देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य
सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु के जागरण का पर्व माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं. इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है. इस दौरान विवाह और कई अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते.
कार्तिक शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है. इसके बाद विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और दूसरे शुभ संस्कारों की शुरुआत होती है. इसी वजह से देवउठनी एकादशी को शादी-विवाह के सीजन की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है.
देवउठनी एकादशी पर कैसे करें भगवान विष्णु की पूजा?
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है. इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और पूजा स्थल की सफाई करें. इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर को साफ करके नए वस्त्र पहनाएं. पूजा स्थल को फूलों से सजाएं.
इसके बाद भगवान विष्णु को गंगाजल से स्नान कराएं, तिलक लगाएं और फूल अर्पित करें. पूजा में पीले फूलों का इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है. भगवान को मौसमी फल और अन्य प्रसाद चढ़ाएं. भोग में तुलसी दल जरूर शामिल करें.
पूजा के दौरान दीपक जलाएं और शंख व घंटी बजाकर भगवान विष्णु के जागरण की प्रार्थना करें. इसके बाद भजन-कीर्तन करें और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना करें.
यह भी पढ़ें: देवउठनी एकादशी व्रत कथा: राजा को क्यों नहीं हुए भगवान विष्णु के दर्शन? जानें यह पौराणिक कहानी