Dev Uthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा और व्रत रखने के साथ कथा पढ़ने-सुनने का भी विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से व्रत कथा का पाठ करने और भगवान विष्णु की आराधना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. यहां पढ़ें देवउठनी एकादशी की प्रचलित व्रत कथा.
हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व है. सभी एकादशियों में देवउठनी एकादशी को बेहद खास माना जाता है. यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शादी-विवाह समेत दूसरे मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं.
देवउठनी एकादशी पर भक्त भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखते हैं. इस दिन व्रत कथा पढ़ने और सुनने की भी परंपरा है. मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से कथा का पाठ करने और भगवान की आराधना करने से उनका आशीर्वाद मिलता है. आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी की प्रचलित व्रत कथा.
देवउठनी एकादशी की व्रत कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में एक ऐसा राज्य था, जहां के सभी लोग धर्म-कर्म और पूजा-पाठ में विश्वास रखते थे. उस राज्य में एकादशी के दिन अन्न खाने की मनाही थी. राजा से लेकर आम नागरिक तक इस नियम का पालन करते थे. यहां तक कि उस दिन पशु-पक्षियों को भी अनाज नहीं दिया जाता था.
एक दिन दूसरे राज्य से एक व्यक्ति काम की तलाश में वहां पहुंचा. वह रोजगार मांगने के लिए सीधे राजा के पास गया. राजा ने उसे नौकरी देने के लिए हामी भर दी, लेकिन साथ ही राज्य का एक नियम भी समझाया. राजा ने कहा कि यहां महीने में दो बार एकादशी का व्रत रखा जाता है. इस दिन किसी को भी अनाज नहीं दिया जाता. अगर वह इस नियम का पालन कर सकता है, तभी उसे नौकरी मिलेगी. उस व्यक्ति ने राजा की शर्त स्वीकार कर ली.
कुछ समय बाद एकादशी का दिन आया. उस दिन व्यक्ति को खाने के लिए केवल फल दिए गए. फल खाने के बाद भी उसकी भूख शांत नहीं हुई. वह परेशान होकर राजा के पास पहुंचा और पेट भरने के लिए अनाज मांगने लगा. राजा ने पहले तो राज्य के नियम का हवाला दिया, लेकिन उसकी हालत देखकर उसे आटा, दाल और चावल समेत भोजन बनाने की सामग्री दे दी.
वह व्यक्ति सारी सामग्री लेकर नदी किनारे पहुंचा. वहां स्नान करने के बाद उसने भोजन बनाया. खाना तैयार होने पर उसने भगवान विष्णु को याद किया और उनसे भोजन ग्रहण करने की प्रार्थना की. भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु उसके सामने प्रकट हो गए. उन्होंने उसके साथ भोजन किया और फिर अपने धाम लौट गए.
अगली एकादशी पर उस व्यक्ति ने राजा से पिछली बार की तुलना में दोगुना अनाज मांगा. राजा ने इसकी वजह पूछी तो उसने बताया कि पिछली बार भगवान विष्णु भी उसके साथ भोजन करने आए थे. इसलिए इस बार अधिक अनाज की जरूरत पड़ेगी.
यह सुनकर राजा हैरान रह गया. वह सोचने लगा कि इतने वर्षों से पूजा-पाठ और व्रत करने के बावजूद उसे भगवान के दर्शन नहीं हुए, जबकि इस साधारण व्यक्ति को भगवान ने दर्शन दे दिए. सच्चाई जानने के लिए राजा ने अगली एकादशी पर उस व्यक्ति का पीछा करने का फैसला किया.
नदी किनारे पहुंचकर राजा ने देखा कि वह व्यक्ति पहले की तरह भोजन बना रहा है. खाना तैयार होने के बाद उसने भगवान विष्णु को पुकारा, लेकिन काफी देर तक भगवान प्रकट नहीं हुए. व्यक्ति ने कई बार प्रार्थना की, मगर उसकी पुकार का कोई जवाब नहीं मिला. इससे वह बेहद दुखी हो गया. उसने भगवान से कहा कि अगर वे भोजन करने नहीं आएंगे तो वह अपने प्राण त्याग देगा. वह नदी में कूदने ही वाला था कि तभी भगवान विष्णु प्रकट हो गए. उन्होंने भक्त को रोकते हुए उसकी भक्ति की सराहना की. इसके बाद भगवान ने उसके साथ भोजन किया और उसे अपने साथ बैकुंठ धाम ले गए.
यह सब देखकर राजा को भक्ति का असली अर्थ समझ आ गया. उसे एहसास हुआ कि भगवान को पाने के लिए केवल पूजा के नियमों का पालन करना ही काफी नहीं है, बल्कि मन में सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास होना भी जरूरी है. भगवान बाहरी दिखावे से नहीं, बल्कि भक्त के निर्मल मन और सच्चे प्रेम से प्रसन्न होते हैं.
यह भी पढ़ें: भगवान विष्णु तो जागेंगे, लेकिन इन 3 राशियों का बुरा वक्त नहीं होगा खत्म, देवउठनी एकादशी के बाद भी रहें सतर्क