Weather Update: मध्य प्रदेश और इसके पास मराठवाड़ा इलाके में ऊपरी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है. पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर भी ऐसा ही मौसमी सिस्टम बनने की संभावना है. इन दोनों को कर्नाटक तक हवाओं का एक ट्रफ जोड़ रहा है, जिसके रास्ते में पड़ने वाले राज्यों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि केरल के ऊपर भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिससे इसके आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन गर्मी का असर 41-42 डिग्री जैसा लग रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा में तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है. उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तापमान 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज हुआ. कच्छ में तो तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया.
दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है. 26 मार्च को दूसरा सबसे गर्म दिन था, जब तापमान 38.9 डिग्री तक पहुंचा. न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है. स्काईमेट वेदर के अनुसार, सफदरजंग में तापमान 36.4 डिग्री था, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है. आने वाले वीकेंड में गर्मी और बढ़ सकती है.
उत्तर-पश्चिम में भीषण गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिमी राज्यों में तेज गर्मी पड़ने वाली है. जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसमी गतिविधियां कम होने और आसमान साफ रहने से चिलचिलाती धूप का असर बढ़ेगा. 8 अप्रैल तक कच्छ और सौराष्ट्र में, 6 से 9 अप्रैल तक राजस्थान में, और 7 से 9 अप्रैल तक पंजाब व हरियाणा में हीट वेव का अलर्ट है. अगले 6 दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है.
बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से देश के दक्षिणी, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश हो सकती है. आज मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है. असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार हैं.
ये भी पढ़ेंः Waqf Bill: 13 घंटे चर्चा, पक्ष में 128 वोट... राज्यसभा में वक्फ बिल के पास होने की पूरी कहानी