दिल्ली में ठंड के साथ जहरीली हुई हवा, 10.6 डिग्री तक गिरा पारा; इन इलाकों में AQI 300 पार

Delhi Air Pollution: दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं, हवा में प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है. प्रदूषण में बायोमास जलाने की हिस्सेदारी बढ़कर 33.3 फीसदी हो गई है.

delhi-air-pollution-cold-weather-aqi-biomass-burning
Image Source: Internet

Delhi Air Pollution: दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं, हवा में प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है. प्रदूषण में बायोमास जलाने की हिस्सेदारी बढ़कर 33.3 फीसदी हो गई है. जेएनयू इलाके में एक्यूआई 376 तक दर्ज किया गया. मौसम और प्रदूषण के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर तक दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में रह सकती है.

दिल्ली में गुरुवार को औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 280 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. इससे पहले बुधवार को एक्यूआई 232 और मंगलवार को 204 था. यानी कुछ दिनों में ही राजधानी की हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है. ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषक तत्वों का असर भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है.

दिल्ली के कई इलाकों में बढ़ा प्रदूषण

शुक्रवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी अलग-अलग दर्ज किया गया. सुबह 7:30 बजे आनंद विहार में एक्यूआई 267 रहा. अक्षरधाम में भी इसी समय एक्यूआई 267 दर्ज किया गया. वहीं, सुबह 7 बजे आईटीओ में एक्यूआई 322 तक पहुंच गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के मुताबिक, 201 से 300 के बीच एक्यूआई खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब श्रेणी में आता है. जेएनयू इलाके में एक्यूआई 376 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है. ऐसे में दिल्ली के कई हिस्सों में लोगों को प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ रहा है.

प्रदूषण में बायोमास जलाने की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

दिल्ली की हवा को खराब करने में बायोमास जलाने का सबसे बड़ा योगदान रहा. इसमें पराली के साथ लकड़ी और उपले जैसे घरेलू ईंधन जलाना भी शामिल है. इसकी हिस्सेदारी बढ़कर 33.3 फीसदी हो गई, जबकि बुधवार को यह 24 फीसदी और मंगलवार को 18 फीसदी थी.

इसके अलावा प्लास्टिक और रबर वाले कचरे समेत अन्य कचरा जलाने से 19.7 फीसदी प्रदूषण हुआ. वाहनों से 18 फीसदी, सेकेंडरी ऑर्गेनिक एरोसोल से 14.1 फीसदी और सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एरोसोल से 9.5 फीसदी प्रदूषण हुआ. वहीं, कोयले की हिस्सेदारी 1.8 फीसदी रही. उद्योगों और पटाखों से 1.5-1.5 फीसदी तथा सड़क की धूल और मिट्टी से 0.7 फीसदी प्रदूषण दर्ज किया गया.

सात राज्यों में पराली जलाने के 772 मामले

सैटेलाइट निगरानी में मंगलवार को दिल्ली में खेतों में आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं, जबकि बुधवार को एक जगह आग दर्ज की गई. बुधवार को सात राज्यों में पराली जलाने के कुल 772 मामले सामने आए. इनमें मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 370 मामले दर्ज किए गए. पंजाब में 202, उत्तर प्रदेश में 109, राजस्थान में 59 और हरियाणा में 30 मामले सामने आए. वहीं, दिल्ली और उत्तराखंड में एक-एक मामला दर्ज किया गया.

22 नवंबर तक कैसी रहेगी दिल्ली की हवा?

प्रदूषण के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार से 22 नवंबर तक दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है. इसके बाद भी अगले छह दिनों तक प्रदूषण से पूरी राहत मिलने की संभावना कम है. हालांकि, मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी मैदानी इलाकों में प्रदूषण का चरम दौर बीतता हुआ दिख रहा है. उनके मुताबिक, देर रात और सुबह के समय एक्यूआई बढ़ सकता है, लेकिन दिन के बाकी हिस्से में यह 90 से 200 के बीच रह सकता है.

उन्होंने यह भी बताया कि सप्ताह के अंत में पूर्वी हवाओं से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, अगले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी हवाएं लौटने और दोपहर में तेज झोंके चलने का अनुमान है. विशेषज्ञ के मुताबिक, फिलहाल प्रदूषण के और ज्यादा खतरनाक स्तर पर पहुंचने की आशंका कम है.

यह भी पढ़ें: Cyclone Akvan: चक्रवात अकवान ने बदली राह, ओडिशा के तट से टकराने का अनुमान, बंगाल में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी