Dale Steyn on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट को एक और बड़ा सितारा मिल गया है, जिसकी चर्चा अब सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में हो रही है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा प्रभाव छोड़ा है कि पूर्व क्रिकेटर भी उनके भविष्य को लेकर बड़ी-बड़ी भविष्यवाणियां कर रहे हैं. आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अनमोल खजाना बताते हुए उनके भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है.
डेल स्टेन ने बांधे युवा बल्लेबाज की तारीफों के पुल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप अपने नाम की. उन्होंने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम में भी शामिल किया गया है. स्टेन ने एसए20 की ओर से पांचवें सत्र से पहले आयोजित बातचीत में कहा, "सूर्यवंशी अलग ही स्तर के खिलाड़ी हैं. वह अभी कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से बेहतर हैं. वह एक ‘बॉय वंडर’ हैं और भारतीय क्रिकेट के लिए किसी खजाने की तरह हैं."
सचिन और विराट से भी बड़ा बनने की क्षमता
स्टेन ने आगे कहा, "सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की बात करें तो यह बच्चा आगे चलकर उनसे भी बड़ा बन सकता है. लेकिन जरूरी है कि उसे सही तरीके से संभाला जाए, क्योंकि बड़ी जिम्मेदारी के साथ बड़ी सावधानी भी जरूरी होती है. अगर उसे ठीक से मैनेज नहीं किया गया तो हम उसे खो भी सकते हैं.
बेहतरीन गेंदबाजी पर भी भारी पड़ती है बल्लेबाजी
स्टेन ने कहा कि सूर्यवंशी बेहतरीन बॉल स्ट्राइकर हैं. भारत में अच्छे विकेट और छोटे मैदानों का उसने बहुत अच्छे से फायदा उठाया है. वह एक बहुत ही प्रतिभाशाली बल्लेबाज है.
ये भी पढ़ें: सबसे ज्यादा रन, शतक, डबल सेंचुरी... न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन के बड़े रिकॉर्ड, अब लिया संन्यास