मुंबई: भारतीय संगीत जगत के महान और लोकप्रिय गायक स्वर्गीय मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार ने उनकी स्मृतियों और संगीत विरासत को संरक्षित करने के लिए ‘स्वर्गीय गायक मुकेश गौरव समिति’ का गठन किया है. मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि 27 अगस्त 2026 को मनाई जाएगी.
मुकेश की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
स्वर्गीय मुकेश ने अपनी सुरीली और भावपूर्ण आवाज से हिंदी फिल्म संगीत के साथ-साथ मराठी गीतों के माध्यम से भी भारतीय संगीत और सांस्कृतिक परंपरा को समृद्ध किया. उनकी आवाज आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों में बसी हुई है.
महाराष्ट्र सरकार द्वारा गठित यह समिति मुकेश की संगीत विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ नवोदित गायकों, संगीत विद्यार्थियों और कलाकारों को मंच एवं प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी.
मंगल प्रभात लोढ़ा समिति के अध्यक्ष
समिति के अध्यक्ष के रूप में महाराष्ट्र के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की नियुक्ति की गई है. शिवसेना गुटनेता अमेय घोले और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश समिति के सदस्य होंगे. वहीं मुंबई शहर के जिलाधिकारी समिति के सदस्य सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे.
नवोदित कलाकारों को मिलेगा मंच
समिति के अध्यक्ष मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुकेश की आवाज की जादुई विरासत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच जीवंत है. इस समृद्ध संगीत विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल मुकेश की स्मृतियों को संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि नए गायकों और कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा संगीत क्षेत्र की नई प्रतिभाओं को अवसर देना भी है.