CNG Price: मुंबईवासियों को महंगाई का एक और झटका, CNG और PNG दोनों हुए महंगे; जानें नई कीमत

मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG से वाहन चलाने वाले लोगों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा.

CNG Price Hike CNG and PNG becomes expensive in mumbai latest rate
Image Source: Social Media

CNG Price: मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG से वाहन चलाने वाले लोगों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा. महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई दरें 29 और 30 मई की मध्यरात्रि से लागू हो चुकी हैं.

कंपनी ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की है, जबकि घरेलू PNG की कीमत में 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) का इजाफा किया गया है.

जानिए अब क्या होगी नई कीमत

ताजा बढ़ोतरी के बाद मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में CNG की खुदरा कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए PNG की नई दर 52 रुपये प्रति SCM तय की गई है.

एमजीएल के अनुसार गैस खरीद लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया था.

लाखों वाहन और घर होंगे प्रभावित

CNG की कीमत बढ़ने का असर मुंबई महानगर क्षेत्र में चलने वाले करीब 12 लाख वाहनों पर पड़ेगा. इनमें लगभग 2.80 लाख ऑटो रिक्शा भी शामिल हैं, जो रोजाना लाखों यात्रियों को सेवा प्रदान करते हैं.

इसके अलावा, PNG की नई दरों का प्रभाव करीब 31 लाख घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जिनके घरों में पाइप्ड गैस कनेक्शन उपलब्ध है.

ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ाने की मांग तेज

ईंधन महंगा होने के बाद ऑटो और टैक्सी संगठनों ने किराए में संशोधन की मांग शुरू कर दी है. यूनियनों का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत का सीधा असर ड्राइवरों की आय पर पड़ रहा है.

मुंबई रिक्शा मेन्स यूनियन का कहना है कि मौजूदा गणना के अनुसार बेस किराए में लगभग 1.12 रुपये प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की जानी चाहिए. वहीं टैक्सी यूनियनों ने शुरुआती किराए में 2 से 3 रुपये तक बढ़ोतरी की मांग रखी है.

अब इस संबंध में प्रस्ताव संबंधित विभागों के माध्यम से विचार के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा.

फिर भी पेट्रोल-डीजल से सस्ती है CNG

कीमत बढ़ने के बावजूद CNG अभी भी पेट्रोल और डीजल के मुकाबले किफायती ईंधन बनी हुई है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मुंबई में CNG के उपयोग से पेट्रोल की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत तक और डीजल की तुलना में करीब 12 प्रतिशत तक ईंधन खर्च में बचत होती है.

हालांकि, लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम उपभोक्ताओं, वाहन चालकों और सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की चिंताओं को बढ़ा दिया है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: रोमांस, सरप्राइज और इमोशंस से भरा रहेगा दिन, किसका होगा ब्रेकअप? जानें आज का लव राशिफल