उत्तर प्रदेश में होली से पहले राज्य सरकार ने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी सरकारी कर्मचारियों को त्योहार से पहले ही वेतन और मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए. इस फैसले से लाखों कर्मचारियों को होली से पहले आर्थिक राहत मिलेगी.
राज्य सरकार ने होली के मौके पर 2 मार्च से 4 मार्च तक तीन दिन की छुट्टी घोषित की है. चूंकि 1 मार्च को रविवार है, ऐसे में कर्मचारियों को लगातार चार दिन का अवकाश मिल रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के करीब 17 लाख कर्मचारियों को इस फैसले का सीधा लाभ मिलेगा.
सभी वर्ग के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वेतन वितरण में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए. इसमें नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग स्टाफ, संविदाकर्मी और सफाईकर्मियों को भी शामिल किया गया है. सरकार का उद्देश्य है कि सभी कर्मचारी बिना किसी आर्थिक चिंता के त्योहार मना सकें.
शनिवार को रहेगा कार्यदिवस
जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी, शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया गया है. इस दिन सभी सरकारी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे और नियमित कामकाज होगा. इसके बाद ही अवकाश की श्रृंखला शुरू होगी.
विदेश दौरे से लौटते ही लिया फैसला
बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान के दौरे से गुरुवार देर रात लौटे और आते ही इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए. उनके इस फैसले को कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है.
होली पर बैंकिंग सेवाओं पर असर
होली के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर भी असर देखने को मिलेगा. 2 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा 4 मार्च को रंगों के त्योहार के दिन भी बैंकों में अवकाश रहेगा. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें या ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करें.
राज्य सरकार के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार 2 मार्च (होलिका दहन) और 4 मार्च (होली) को स्कूलों में अवकाश रहेगा. हालांकि 3 मार्च को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. यदि इस दिन भी छुट्टी घोषित होती है, तो छात्रों को लगातार चार दिन का अवकाश मिल सकता है, क्योंकि 1 मार्च पहले से ही रविवार है.
ये भी पढ़ें- डेढ़ लाख करोड़ का MOU, लाखों रोजगार, निवेश प्रस्ताव... जापान-सिंगापुर दौरे से क्या लेकर आए सीएम योगी?