CM योगी ने त्योहारों को लेकर दिए सख्त निर्देश, कहा - 'लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारी फील्ड में रहें'

उत्तर प्रदेश में जल्द ही आने वाले त्योहारों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए समीक्षा बैठक की. सीएम आवास पर हुई इस बैठक में उन्होंने प्रदेश के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

CM Yogi Adityanath orders drone surveillance and police patrols for UP festival security
Image Source: ANI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जल्द ही आने वाले त्योहारों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए समीक्षा बैठक की. सीएम आवास पर हुई इस बैठक में उन्होंने प्रदेश के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा. योगी आदित्यनाथ ने साफ किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी अधिकारी की नाकामी पर सख्त कार्रवाई होगी.

त्योहारों में बढ़ाई गई सुरक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाली जगहों और मंदिरों में पुलिस गश्त तेज करने के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के निर्देश दिए हैं. इस तकनीकी मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर भी सख्ती बरतने के आदेश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की हिंसा या गड़बड़ी को रोका जा सके. इसके अलावा, ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए स्थानीय स्तर पर विशेष योजना बनाने को कहा गया है.

अधिकारियों को फील्ड में रहने के कड़े निर्देश

सीएम योगी ने जिले के सभी अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे त्योहारों के दौरान लगातार फील्ड में मौजूद रहें ताकि वे अपनी टीम की मॉनिटरिंग कर सकें और किसी भी लापरवाही को रोक सकें. संदिग्धों पर पैनी नजर रखना और गड़बड़ी की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी. इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान राज्य में शांति और सुरक्षा को बनाए रखना है.

आम जनता के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करें

योगी आदित्यनाथ ने साफ-सफाई को लेकर भी कड़े निर्देश दिए हैं. नगर निगम, पालिका और नगर पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि धार्मिक स्थलों और बाजारों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए. सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी जगह गंदगी न फैले और आम जनता को कोई असुविधा न हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नागरिक हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं, इसके लिए सभी की सामूहिक जिम्मेदारी होगी.

बिजली विभाग और आपात सेवाएं पूरी सतर्कता पर

त्योहारों के दौरान किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए बिजली विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. खुले या झूलते तारों की जांच नियमित रूप से कराई जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो. इसके अलावा, फायर सर्विस अलर्ट मोड पर रहे और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दे, यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: 54 साल बाद खुला बांके बिहारी मंदिर का रहस्यमयी तहखाना, खजाने की खोज शुरू