दिल्ली से बड़ौत तक DTC बस सेवा का शुभारंभ, सीएम रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी, जानें किराया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार, 23 सितंबर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़ौत के बीच नई इंटरस्टेट डीटीसी बस सेवा का उद्घाटन किया.

CM Rekha Gupta launches DTC interstate AC buses between Delhi and Baraut UP check fares
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार, 23 सितंबर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़ौत के बीच नई इंटरस्टेट डीटीसी बस सेवा का उद्घाटन किया. यह नई बस सेवा करीब 60 किलोमीटर के रूट पर चलती है, जिससे रोजाना सैकड़ों यात्रियों को सुविधाजनक और आरामदायक सफर मिलेगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले महीनों में और भी नए रूट्स पर बस सेवाएं शुरू की जाएंगी.

किराया और रूट की जानकारी

नई बस सेवा दिल्ली के महाराणा प्रताप आईएसबीटी से शुरू होकर बड़ौत तक जाएगी, और रास्ते में खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टेशन, मंडोला, खेकड़ा, बागपत, गोरीपुर, सरूरपुर और ट्योढ़ी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचेगी. इस रूट का न्यूनतम किराया 32 रुपये और अधिकतम किराया 125 रुपये निर्धारित किया गया है, जो यात्रियों के लिए किफायती साबित होगा.

अधिकारियों की हिम्मत को CM ने बताया ‘हनुमान’ जैसा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे सरकारी अधिकारी हनुमान जैसे हैं, जब से हमारी सरकार सत्ता में आयी है, अधिकारियों को काम करने का एक आदर्श माहौल मिल रहा है और वे नये-नये विचार लेकर आ रहे हैं.

पिछली सरकार पर कसा तंज

रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बनी, तो मुझे हमेशा आश्चर्य होता था कि उत्तराखंड की बसें यहां क्यों चल रही हैं और उत्तर प्रदेश की बसें भी दिखाई देती हैं. लेकिन दिल्ली की बसें, जो दूसरे राज्यों में चल रही हैं, कहां हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने उन्हें रोक दिया था. उन्होंने राजस्व सृजन सुनिश्चित करने के लिए कुछ नहीं किया.

बेहतर प्रबंधन से कम होगा यातायात जाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व सरकार में बस खराब होने पर दूर-दूर से कर्मचारी आते थे, जिससे मरम्मत में देरी होती थी. अब ऐसी व्यवस्था की गई है कि हर बस नजदीकी डिपो से रिपेयर के लिए जाएगी, जिससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी और ट्रैफिक जाम में कमी आएगी.

परिवहन मंत्री ने जताई डीटीसी की नई पहचान बनाने की इच्छा

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि वे डीटीसी की खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. नई अंतरराज्यीय वातानुकूलित बस सेवा दिल्ली और बड़ौत के बीच दैनिक यात्रा के विकल्पों को बेहतर बनाएगी और यात्रियों, खासकर छात्रों के लिए सुविधा बढ़ाएगी.

ये भी पढ़ें: Delhi Police Physical: हाइट, दौड़, लंबी कूद.. दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए कैसे होता है फिजिकल?