'नौकरी के बदले जमीन छीन लेते हैं...', मुंगेर में गरजे चिराग पासवान, विपक्ष पर जमकर साधा निशाना

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में आयोजित 'नव संकल्प महासभा' को संबोधित किया. इस अवसर पर चिराग पासवान ने अपना ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन पेश करते हुए राज्य के विकास के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा किया.

chirag paswan gave slogan bihar first bihari first munger rally
Image Source: Social Media

मुंगेर: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में आयोजित 'नव संकल्प महासभा' को संबोधित किया. इस अवसर पर चिराग पासवान ने अपना ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन पेश करते हुए राज्य के विकास के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा किया. साथ ही उन्होंने राज्य के सामने मौजूद बड़े मुद्दों जैसे अपराध, पलायन और सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन पर भी खुलकर चर्चा की.

बिहार में बढ़ते अपराध पर चिराग पासवान की चिंता

सभा के दौरान चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा, कुछ ताकतें बिहार को एक बार फिर भय के माहौल में धकेलना चाहती हैं. छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है. हत्या, लूट और डर के माहौल से निवेशक भी डरते हैं. उन्होंने कहा कि जब तक ‘बिहारी फर्स्ट’ विजन नहीं लागू होगा, तब तक अपराध पर लगाम लगाना मुश्किल होगा. चिराग ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने की कई कोशिशें की गईं. मुझे पार्टी से अलग किया गया, घर से बेघर किया गया, लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं.

चिराग ने स्पष्ट किया कि जब तक 'बिहारी फर्स्ट' का विजन लागू नहीं होगा, तब तक अपराध पर नियंत्रण पाना मुश्किल होगा. उन्होंने अपने व्यक्तिगत संघर्ष का भी जिक्र किया, जिसमें कहा कि उन्हें और उनके परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन वे कभी भी झुके नहीं और बिहार के विकास के लिए अपने प्रयासों को लगातार जारी रखा.

विपक्ष पर चिराग का तीखा हमला

बिना किसी का नाम लिए, चिराग पासवान ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, पहले उत्तर प्रदेश में दो लड़कों का गठबंधन देखा था, कोई असर नहीं पड़ा. अब एक लड़का बिहार में जोड़ी बना रहा है. जनता को इनसे सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि ये वही लोग हैं जो नौकरी के बदले जमीन तक छीन लेते हैं. उन्होंने कहा कि अगर जनता ने मेरा साथ दिया तो मैं एक विकसित और सुरक्षित बिहार का निर्माण करूंगा.

हत्या की साजिश का आरोप

उन्होंने कहा कि मुझे तोड़ने के लिए सबसे पहले मेरा परिवार तोड़ा, फिर पार्टी तोड़ी, फिर मेरा कार्यालय हटाया गया, फिर भी मैं नहीं टूटा. अब मेरी हत्या के लिए मुझे बम से उड़ाने की साजिश रची जा रही है ताकि मैं डर जाऊं. चिराग ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि डरता तो मैं किसी से नहीं हूं. रामविलास पासवान का बेटा हूं. पिताजी के सपने को पूरा करने के लिए सीना तानकर खड़ा हूं, जिन्हें आना है सामने आ जाए और टकरा लें.

सांसदों ने चिराग पासवान के नेतृत्व की सराहना की

सभा में मौजूद समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी, खगड़िया सांसद राजेश कुमार वर्मा और जमुई सांसद अरुण भारती ने चिराग पासवान के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इन सांसदों ने बिहार की जनता से अपील की कि वे चिराग पासवान के हाथों को मजबूत करें, ताकि राज्य को एक नई दिशा मिल सके और बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ सके.

ये भी पढ़ें: चंदन मिश्रा हत्याकांड मामले में पटना प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज