इस मेले में 50% टैक्स छूट के साथ बिकती हैं कार और मोटरसाइकिलें, कब और कैसे उठाएं फायदा?

भारत में मेले केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई मेले ऐसे भी हैं जो व्यापार और खरीदारी का बड़ा केंद्र बन चुके हैं.

Cars and motorcycles are sold with 50% tax exemption in this fair
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

भारत में मेले केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई मेले ऐसे भी हैं जो व्यापार और खरीदारी का बड़ा केंद्र बन चुके हैं. आमतौर पर मेलों में लोग खाने-पीने की चीजें, कपड़े, घरेलू सामान, झूले और मनोरंजन का आनंद लेते हैं, लेकिन देश में एक ऐसा भी मेला है, जहां कार और मोटरसाइकिलें खुलेआम बिकती हैं. यही नहीं, यहां वाहन खरीदने पर 50 प्रतिशत तक रोड टैक्स (RTO फीस) में छूट भी मिलती है. इस खास वजह से यह मेला देशभर में मशहूर है और हर साल दूर-दूर से खरीदार यहां पहुंचते हैं.

यह अनोखा मेला मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में लगने वाला ग्वालियर व्यापार मेला है, जिसे देश का सबसे बड़ा और सबसे खास ऑटोमोबाइल मेला भी कहा जाता है.

ग्वालियर व्यापार मेला: गाड़ियों का बड़ा केंद्र

ग्वालियर व्यापार मेला हर साल दिसंबर और जनवरी के बीच आयोजित किया जाता है और करीब दो महीने तक चलता है. इस दौरान हजारों की संख्या में वाहन बिकते हैं. मेले में मोटरसाइकिलों से लेकर लग्जरी कारों तक हर सेगमेंट की गाड़ियां उपलब्ध होती हैं.

यहां आपको मारुति, टाटा, महिंद्रा, हुंडई, किया, रेनॉल्ट, जीप और सिट्रॉन जैसे बड़े ब्रांड्स के स्टॉल तो मिलते ही हैं, साथ ही मर्सिडीज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी कार कंपनियां भी अपने शोरूम लगाती हैं. यही वजह है कि यह मेला केवल स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि देश के कई राज्यों से लोग यहां वाहन खरीदने आते हैं.

50% रोड टैक्स छूट से मिलती है बड़ी राहत

ग्वालियर व्यापार मेले की सबसे बड़ी खासियत है 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट. आमतौर पर वाहन खरीदते समय रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क वाहन की कीमत को काफी बढ़ा देता है, लेकिन इस मेले में आधा टैक्स माफ होने से ऑन-रोड कीमत में बड़ा अंतर आ जाता है.

इसके अलावा, कई ऑटोमोबाइल कंपनियां मेले के दौरान अतिरिक्त डिस्काउंट, एक्सचेंज ऑफर और आकर्षक स्कीम्स भी देती हैं. इन सभी फायदों को जोड़ दिया जाए, तो ग्राहकों को गाड़ी सामान्य बाजार कीमत की तुलना में काफी सस्ती मिलती है.

किन लोगों को मिलता है टैक्स छूट का लाभ?

रोड टैक्स में मिलने वाली 50% छूट का सीधा फायदा मध्य प्रदेश के निवासियों को मिलता है. अगर कोई खरीदार दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश या किसी अन्य राज्य से आता है, तो उसे कुछ शर्तें पूरी करनी होती हैं.

  • खरीदार को ग्वालियर का निवास प्रमाण देना होता है
  • इसके लिए दो साल का एड्रेस प्रूफ मान्य होता है
  • या फिर ग्वालियर में रहने वाले किसी रिश्तेदार के नाम पर वाहन रजिस्टर कराया जा सकता है

हालांकि, अच्छी बात यह है कि मध्य प्रदेश के किसी भी शहर का एड्रेस प्रूफ मान्य होता है, लेकिन वाहन का रजिस्ट्रेशन MP-07 (ग्वालियर जिला) कोड से ही किया जाता है.

मेले में रिकॉर्ड बुकिंग

इस साल ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर की भागीदारी काफी मजबूत रही है. मेले के पहले ही 25 दिनों के भीतर 8,000 से ज्यादा वाहनों की बुकिंग हो चुकी है, जो इसकी लोकप्रियता को साफ दिखाती है.

खास बात यह है कि जो ग्राहक जल्दी डिलीवरी लेते हैं, उन्हें ज्यादा फायदा मिल रहा है. 19 जनवरी से रोड टैक्स छूट का लाभ लागू होना शुरू हो गया है और इसी तारीख से वाहनों की डिलीवरी भी शुरू कर दी गई है.

कीमतों में कितना होता है फायदा?

अगर कीमतों की बात करें तो टैक्स छूट का असर साफ नजर आता है. उदाहरण के तौर पर:

  • 2025 में रोड टैक्स छूट के बाद वैगन-आर LXI CNG की कीमत करीब ₹6,57,080 थी
  • 2026 में, लगभग समान ऑफर के साथ यही कार ₹6,40,396 में उपलब्ध है

इस तरह ग्राहकों को इस बार करीब ₹17,000 का अतिरिक्त फायदा हो रहा है. यही वजह है कि लोग सालभर इंतजार करके इस मेले में गाड़ी खरीदना ज्यादा फायदेमंद मानते हैं.

ये भी पढ़ें- भारतीय वायुसेना को मिलेगा 5वीं पीढ़ी का फाइटर जेट? सिर्फ राफेल से नहीं चलेगा काम, जल्द होगी डील!