Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्मों के बीच कमाई की दिलचस्प टक्कर देखने को मिल रही है. एक तरफ नई रिलीज 'दायरा' और 'वाइब' दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की कोशिश कर रही हैं, तो दूसरी तरफ 'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' जैसी फिल्में कई हफ्ते बाद भी अपनी पकड़ बनाए हुए हैं. मंगलवार के शुरुआती आंकड़ों में भी पुरानी फिल्मों का दबदबा नजर आया. आइए जानते हैं मंगलवार को किस फिल्म ने कितने करोड़ बटोरे और अब उनका कुल कलेक्शन कहां पहुंच गया है.
'दायरा' की कमाई फिर सिमटी
करीना कपूर स्टारर 'दायरा' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है. फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत की थी और वीकेंड पर भी इसकी कमाई में कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला. सोमवार के बाद मंगलवार को भी फिल्म का कलेक्शन लाखों में ही रहा. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के पांचवें दिन 'दायरा' ने करीब 50 लाख रुपये का कारोबार किया है. इसके साथ फिल्म का भारत में पांच दिनों का नेट कलेक्शन बढ़कर करीब 5.50 करोड़ रुपये हो गया है.
'वाइब' ने मंगलवार को पकड़ी रफ्तार
कुणाल खेमू की फिल्म 'वाइब' को रिलीज हुए पांच दिन हो चुके हैं. फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 'दायरा' के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया था और तीन दिनों में करीब 7.45 करोड़ रुपये की कमाई की थी. हालांकि सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली. मंगलवार को फिल्म ने एक बार फिर थोड़ी रफ्तार पकड़ी. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 'वाइब' ने रिलीज के पांचवें दिन करीब 1.15 करोड़ रुपये कमाए. इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन करीब 9.50 करोड़ रुपये हो गया है.
'मिर्जापुर द मूवी' की कमाई तीसरे हफ्ते में भी जारी
'मिर्जापुर द मूवी' रिलीज के तीसरे हफ्ते में पहुंचने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. फिल्म ने तीसरे वीकेंड में करीब 12.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इसके बाद सोमवार को भी फिल्म ने 1.90 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को 'मिर्जापुर द मूवी' ने करीब 2.10 करोड़ रुपये कमाए. इसके साथ ही फिल्म की भारत में 19 दिनों की कुल नेट कमाई करीब 219.70 करोड़ रुपये पहुंच गई है.
47वें दिन भी 'हनुमान अंश' की कमाई करोड़ों में
'हनुमान अंश' का बॉक्स ऑफिस सफर काफी लंबा हो चुका है, लेकिन फिल्म की कमाई अभी भी जारी है. रिलीज के 47वें दिन यानी सातवें मंगलवार को भी फिल्म ने करोड़ों में कारोबार किया. इससे पहले सातवें सोमवार को फिल्म ने करीब 4.15 करोड़ रुपये कमाए थे. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, 'हनुमान अंश' ने 47वें दिन करीब 4.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ फिल्म की भारत में 47 दिनों की कुल नेट कमाई बढ़कर करीब 280.93 करोड़ रुपये हो गई है.
ये भी पढ़ें- 'मैं भी आम इंसान हूं...', रीति तिवारी ने नेपो किड कहे जाने पर बिग बॉस में रखी बात, छलका दर्द