Dhurandhar Box Office Collection: हिंदी सिनेमा का बॉक्स ऑफिस अब पुराने पैमानों पर नहीं चलता. जो आंकड़े कभी सपने जैसे लगते थे, आज वे नई सामान्य स्थिति बन चुके हैं. बीते कुछ वर्षों में दर्शकों की पसंद बदली है और उसी के साथ फिल्मों की कमाई का गणित भी पूरी तरह पलट चुका है. साउथ सिनेमा की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद अब बॉलीवुड भी उसी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और रणवीर सिंह की ताजा फिल्म धुरंधर इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है.
जहां कभी 200 या 300 करोड़ का आंकड़ा छूना ही किसी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता था, वहीं 2023 में शाहरुख खान ने 1000 करोड़ क्लब बनाकर इतिहास रच दिया. अब, महज दो साल बाद रणवीर सिंह की धुरंधर ने दिखा दिया है कि बॉक्स ऑफिस की यह रेस अभी और तेज होने वाली है.
‘धुरंधर’ की कमाई ने सबको चौंकाया
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर धुरंधर ने रिलीज के पहले दिन से ही सिनेमाघरों में तूफान ला दिया. फिल्म ने पहले हफ्ते में भारत में 207.25 करोड़ रुपए की शानदार कमाई की. वहीं, महज 9 दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 292.75 करोड़ तक पहुंच गया.
ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो 9 दिनों में फिल्म ने भारत में 351.35 करोड़ रुपए बटोर लिए हैं. ओवरसीज मार्केट में भी धुरंधर का दबदबा देखने को मिला, जहां फिल्म ने 95 करोड़ रुपए का बिजनेस किया. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 446.25 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है.
एनिमल और पुष्पा 2 जैसे रिकॉर्ड भी ध्वस्त
धुरंधर सिर्फ कमाई ही नहीं कर रही, बल्कि रिकॉर्ड्स की धज्जियां भी उड़ा रही है. रिलीज के दूसरे शनिवार को फिल्म ने 53 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया. यह अब तक किसी भी हिंदी फिल्म का सबसे बड़ा सेकंड सटरडे कलेक्शन है. तुलना करें तो रणबीर कपूर की एनिमल ने अपने दूसरे शनिवार को 34.74 करोड़ रुपए कमाए थे, जबकि शाहरुख खान की जवान दूसरे हफ्ते में 38.50 करोड़ तक ही पहुंच सकी थी.
श्रद्धा कपूर की स्त्री 2 ने भी दूसरे शनिवार को 38 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. इन सब आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए धुरंधर ने साबित कर दिया है कि दर्शकों का क्रेज किस कदर चरम पर है. अब सभी की निगाहें रविवार की कमाई पर टिकी हैं, जो इस फिल्म को और ऊंचे मुकाम तक पहुंचा सकती है.
यह भी पढे़ं- "धुरंधर" में दिखाई सच्चाई से बुरी तरह बौखलाया पाकिस्तान, गिड़गिड़ाते हुए पहुंचा यहां; जानें पूरा मामला