OTT Release This Week: मई महीने का आखिरी सप्ताह शुरू हो चुका है और इसके साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर नई फिल्मों और वेब सीरीज की लंबी सूची भी सामने आ गई है. इस बार दर्शकों को अलग-अलग जॉनर का शानदार मनोरंजन मिलने वाला है.
कॉमेडी, सस्पेंस, फैमिली ड्रामा, एक्शन और क्राइम से भरपूर कई बड़े शो और फिल्में इस सप्ताह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही हैं. गर्मी के इस मौसम में घर बैठे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलने वाला है. आइए जानते हैं इस सप्ताह कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज ओटीटी पर रिलीज हो रही हैं.
‘जेटली’
तेलुगु भाषा की कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘जेटली’ इस सप्ताह दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. इस फिल्म का निर्देशन रितेश राणा ने किया है. फिल्म में अभिनेता सत्या मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि रिया सिंघा और वेन्नेला किशोर भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
फिल्म की कहानी एक फ्लाइट अटेंडेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हवाई यात्रा के दौरान अचानक पैदा हुई अफरा-तफरी में फंस जाती है. रिलीज के दौरान फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. अब यह फिल्म 25 मई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है.
‘ब्रदर एंड सिस्टर’
तमिल भाषा की यह फैमिली ड्रामा सीरीज 27 मई को रिलीज होगी. इसका निर्देशन चिदंबरम मणिवन्नन ने किया है. सीरीज की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका मुखिया बेहद सख्त स्वभाव का होता है. परिवार में पैदा हुई परिस्थितियां रिश्तों में दरार पैदा कर देती हैं और घर टूटने की कगार पर पहुंच जाता है. भावनाओं और रिश्तों से भरी यह सीरीज जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी.
‘कारा’
तमिल भाषा की यह डकैती आधारित थ्रिलर फिल्म 1991 के गल्फ वॉर के दौर पर आधारित है. फिल्म की कहानी करासामी नाम के शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार धनुष निभा रहे हैं.
एक भ्रष्ट डीएसपी और निर्दयी बैंक मैनेजर द्वारा उसके परिवार की पुश्तैनी जमीन कब्जाने के बाद वह दोबारा अपराध की दुनिया में लौट आता है. फिल्म में बदला, एक्शन और सस्पेंस का तगड़ा मिश्रण देखने को मिलेगा. ‘कारा’ 28 मई से नेटफ्लिक्स पर तमिल, हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में उपलब्ध होगी.
‘कजिन्स एंड कल्याणम्स’
यह कॉमेडी ड्रामा सीरीज छह चचेरे भाई-बहनों की जिंदगी और उनके पारिवारिक रिश्तों पर आधारित है. सीरीज में परिवार के भीतर होने वाले मजेदार उतार-चढ़ाव और रिश्तों की मिठास को दिखाया गया है. इसका पहला एपिसोड 29 मई को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगा. शो में कुल 60 एपिसोड हैं और हर शुक्रवार को चार नए एपिसोड जारी किए जाएंगे.
‘रूममेट्स’
कन्नड़ भाषा की इस कॉमेडी ड्रामा सीरीज में चार दोस्तों रवि, पीटर, गनी और हरि की कहानी दिखाई गई है. ये चारों दोस्त अपनी जिंदगी, दोस्ती और संघर्षों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं.
एक मामूली क्रिकेट मैदान पर हुआ विवाद धीरे-धीरे बड़े अहंकार की लड़ाई में बदल जाता है. मकान मालिक की दखलअंदाजी कहानी को और दिलचस्प बना देती है. सीरीज का प्रीमियर मई में किया जाएगा.
‘स्पाइडर-नोयर’
आठ एपिसोड वाली इस एक्शन ड्रामा सीरीज में अभिनेता निकोलस केज बेन रेली की भूमिका निभा रहे हैं. कहानी 1930 के दशक के न्यूयॉर्क की है, जहां एक बदकिस्मत निजी जासूस दर्दनाक हादसे के बाद अपनी सुपरहीरो पहचान छोड़ देता है. रहस्य, अपराध और एक्शन से भरी यह सीरीज 27 मई 2026 से अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी.
‘डेड मैन्स वायर’
गस वैन सैंट के निर्देशन में बनी यह फिल्म टोनी किरिट्सिस की कहानी दिखाती है, जो एक परेशान और शक करने वाला रियल एस्टेट कारोबारी है. वह एक व्यक्ति की गर्दन पर बंदूक रखकर फिरौती और आधिकारिक माफी की मांग करता है. यह फिल्म 28 मई 2026 से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी.
‘अनटोल्ड यूके: विनी जोन्स’
नेटफ्लिक्स की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज की नई फिल्म ‘अनटोल्ड यूके: विनी जोन्स’ 26 मई को रिलीज होगी. इससे पहले इस सीरीज में कई मशहूर फुटबॉल सितारों की जिंदगी दिखाई जा चुकी है. नई फिल्म में फुटबॉल स्टार विनी जोन्स की जिंदगी, संघर्ष और करियर के अनकहे पहलुओं को दिखाया जाएगा.
‘द फोर सीजन्स’ सीजन 2
यह मिडिल एज कॉमेडी सीरीज दोस्तों के एक ऐसे ग्रुप की कहानी है, जो हर साल छुट्टियां मनाने की परंपरा निभाता है. नए सीजन में सभी दोस्त एक निजी दुख से उबरने और जिंदगी के नए बदलावों को अपनाने की कोशिश करते दिखाई देंगे. सीरीज में दोस्ती, इमोशन्स और हास्य का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा. इसे 28 मई से नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकेगा.
‘अ गुड गर्ल्स गाइड टू मर्डर’ सीजन 2
हॉली जैक्सन के मशहूर उपन्यास पर आधारित इस सीरीज के नए सीजन में पिप फिट्ज़-अमोबी की कहानी आगे बढ़ेगी. वह अपराधों से दूर रहना चाहती है, लेकिन अपने सहपाठी के भाई के अचानक गायब होने के बाद वह एक नए खतरनाक रहस्य में फंस जाती है. रहस्य और सस्पेंस से भरपूर यह सीरीज 27 मई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
ये भी पढ़ें- हमीरपुर में पसरा मातम, तालाब में नहाते वक्त 3 बच्चों की गई जान; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल