Bigg Boss 20: सलमान खान का चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ शुरू होते ही विवादों में आ गया है. शो के पहले ही हफ्ते में कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर लड़ाई-झगड़े और गाली-गलौज देखने को मिल रही है. इस हफ्ते मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी की उदिति सिंह और काजी के साथ तीखी बहस हुई. इस दौरान रीति की भाषा को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है. इसी बीच खबरें हैं कि मनोज तिवारी आने वाले ‘वीकेंड का वार’ में दिखाई दे सकते हैं.
दरअसल, रीति तिवारी को शो में छोड़ने के लिए उनके पिता मनोज तिवारी खुद पहुंचे थे. हालांकि, हाल ही में जब उनसे बेटी के गेम और शो में उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर बात करने से बचते हुए जवाब देने से इनकार कर दिया. अब अगर मनोज तिवारी ‘वीकेंड का वार’ में पहुंचते हैं, तो शो में पिता और बेटी के बीच खास बातचीत देखने को मिल सकती है. इंडिया फोरम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मनोज तिवारी के इस वीकेंड ‘बिग बॉस 20’ में आने की संभावना जताई जा रही है.
बेटी रीति को समझाएंगे मनोज तिवारी?
‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान अक्सर कंटेस्टेंट्स को उनकी गलतियों और व्यवहार को लेकर समझाते नजर आते हैं. ऐसे में अगर मनोज तिवारी भी शो में पहुंचते हैं और बेटी रीति से उनकी भाषा और व्यवहार को लेकर बात करते हैं, तो यह पल काफी चर्चा में रह सकता है. मनोज तिवारी के शो में आने की खबर सामने आने के बाद इसकी तुलना ‘बिग बॉस 19’ से भी की जा रही है. पिछले सीजन में सिंगर अमाल मलिक से जुड़े विवाद के बीच उनके पिता डब्बू मलिक शो में पहुंचे थे.
हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक मनोज तिवारी के ‘बिग बॉस 20’ में आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अगर वह शो में आते हैं, तो रीति के व्यवहार पर उनका क्या रिएक्शन होगा, यह देखना दिलचस्प होगा. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस पूरे मामले को पिछले सीजन में अमाल मलिक से जुड़े विवाद से जोड़ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “रीति, अमाल का फीमेल वर्जन है.” वहीं एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “अमाल वाला पैरेलल बन रहा है.”
बिग बॉस 20 में रीति तिवारी को एक तीखी बहस के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. यह विवाद तब शुरू हुआ, जब काजी ने मेडिकल इमरजेंसी का नाटक करने का फैसला किया. इसी बात को लेकर रीति और काजी के बीच बहस हो गई.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान से मिला धोखा, अब ये देश देगा सऊदी अरब का साथ, हूतियों के खिलाफ युद्ध में देगा ये हथियार