रियलिटी शो बिग बॉस 19 हर हफ्ते नए ट्विस्ट और विवादों के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है. इस हफ्ते का वीकेंड का वार एपिसोड अब तक के सबसे धमाकेदार एपिसोड्स में से एक माना जा रहा है. शो के होस्ट सलमान खान इस बार पूरे गुस्से में नजर आएंगे और घर की तीन फीमेल कंटेस्टेंट्स—तान्या मित्तल, फरहाना भट्ट और नीलम गिरी—की जमकर क्लास लगाएंगे. प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है, और फैंस में जबरदस्त चर्चा छिड़ गई है कि आखिर सलमान का ये गुस्सा किस पर क्यों बरसा.
शो के प्रोमो की शुरुआत होती है भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी से, जिन्हें सलमान खान ने जमकर सुनाया. सलमान ने मजाकिया लेकिन तीखे अंदाज में कहा “नीलम का करियर है ब्रेकिंग न्यूज... इधर की बातें उधर करती हैं. किसने शुरू किया था ‘नीलम बचाओ आंदोलन’? अब शुरू करना चाहिए ‘नीलम से बचो आंदोलन’.सलमान की इस बात पर घरवाले हैरान रह गए, जबकि नीलम चुपचाप खड़ी रहीं. ऐसा पहली बार नहीं है जब सलमान ने किसी कंटेस्टेंट को इस तरह खुले मंच पर लताड़ा हो, लेकिन इस बार उनका गुस्सा और भी तेज नजर आया.
तान्या मित्तल का खुला गेम प्लान, सलमान ने किया एक्सपोज
वीकेंड का वार का सबसे बड़ा ड्रामा तब देखने को मिला जब सलमान खान ने तान्या मित्तल का गेम प्लान घरवालों के सामने उजागर कर दिया. सलमान ने खुलासा किया कि तान्या ने सिंगर अमाल मलिक को नॉमिनेट करने की प्लानिंग की थी, ताकि उन्हें घर से बाहर किया जा सके. लेकिन बिग बॉस के ट्विस्ट ने उनका ये प्लान पूरी तरह फेल कर दिया. सलमान ने तान्या से कहा कि तान्या, अमाल को नॉमिनेट करने का आपका प्लान फेल हो गया, क्योंकि बिग बॉस ने आपको अमाल का ऑप्शन दिया ही नहीं. इतना बिल्डअप दिया कि आप सबके सामने उन्हें ‘भइया’ बोलेंगी, ताकि उन्हें जलाया जा सके. लेकिन किसी को फर्क नहीं पड़ा. अब भइया से सइयां तो जा नहीं सकते, है ना?सलमान के तंज पर घर के बाकी सदस्य मुस्कुराते नजर आए, जबकि तान्या पूरी तरह खामोश रहीं. अमाल मलिक भी सलमान के इस खुलासे से हैरान दिखे.
बॉडीशेमिंग विवाद पर भी फंसी तान्या
तान्या का विवाद सिर्फ इतना ही नहीं है. कुछ दिन पहले उन्होंने 21 साल की एक्ट्रेस अशनूर कौर को नेशनल टीवी पर बॉडीशेम किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई. इसके बावजूद तान्या ने अशनूर से माफी नहीं मांगी. इस रवैये पर भी सलमान ने उन्हें फटकार लगाई. सलमान की बात सुनते वक्त तान्या के चेहरे का रंग उड़ गया और वह बिना कुछ कहे चुपचाप डांट सुनती रहीं.
आप यहां कर क्या रही हैं?
इस बार सलमान के गुस्से की चपेट में आईं फरहाना भट्ट भी. टीवी इंडस्ट्री पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए सलमान ने उन्हें आड़े हाथों लिया. सलमान ने कड़े लहजे में कहा कि आप कहती हैं कि टेलीविजन नहीं करना चाहतीं, तो फिर यहां कर क्या रही हैं? लोग ये शो मेरी वजह से देख रहे हैं, और मुझे शर्म आ रही है कि मेरी वजह से लोग आपको जान रहे हैं. अगर ये मीडियम छोटा है, तो आप यहां से जा सकती हैं.सलमान ने बात खत्म करते हुए मेकर्स से कहा, “गेट खोलो.” इस बात से घर के बाकी सदस्य और दर्शक दोनों दंग रह गए. अब देखना यह होगा कि क्या सच में फरहाना शो से बाहर होंगी या नहीं.
फैंस के बीच छिड़ी बहस
प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है. एक तरफ वे दर्शक हैं जो सलमान खान के फैसले को सही ठहरा रहे हैं और मानते हैं कि तान्या और फरहाना को उनकी गलतियों का एहसास कराना जरूरी था. वहीं, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि सलमान ने जानबूझकर अमाल मलिक को सपोर्ट करने के लिए तान्या को विलेन बनाया है. अब असली तस्वीर तो एपिसोड टेलीकास्ट होने के बाद ही साफ होगी, लेकिन इतना तय है कि वीकेंड का वार इस बार दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा और इमोशन का डोज देने वाला है.
यह भी पढ़ें: एक साथ दो कंटेस्टेंट होंगे बिग-बॉस हाउस से आउट, प्रणित के फैसले से घर वालों को लगेगा शॉक