Surya Murder Case: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड की जांच में एक नया खुलासा हुआ है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी असद को हत्या के लिए उसके पिता नवाब ने कथित तौर पर उकसाया था. जांच में यह बात सामने आई है कि नवाब को असद और सूर्या की दोस्ती पसंद नहीं थी और वह इसे लेकर नाराज रहता था.
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, नवाब लगातार असद को सूर्या के खिलाफ भड़काता था. धीरे-धीरे दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. पुलिस को शक है कि इसी वजह से असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या की हत्या की साजिश बनाई. इस मामले में नवाब को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
बकरीद के दिन हुई थी वारदात
यह घटना 28 मई को गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में हुई थी. आरोप है कि असद ने सूर्या चौहान को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था. इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया.
Surya Chauhan murder case | Khoda police station team arrests Nawab (father of accused Asad), Farhan and Atif, from near Chaudhary Charan Singh Gate.
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) May 31, 2026
Upon interrogation, accused Farhan said: On 28.05.26, at 15.00, Asad had an argument with Suryapratap over riding a bike. Asad… pic.twitter.com/L8I4EKpj49
जान बचाने के लिए भागता रहा सूर्या
परिजनों का दावा है कि हमले के बाद भी सूर्या अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा था. लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे और दोबारा हमला किया. गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद हुआ था विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी. परिवार और कई संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था. पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था.
मुख्य आरोपी पर था 50 हजार का इनाम
मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था.
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया असद
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने और पैसे लेकर फरार होने की योजना बना रहा है. इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया.
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान असद और उसके साथी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में असद घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया.
एक पुलिसकर्मी भी हुआ घायल
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ. पुलिस ने मौके से बाइक और हथियार बरामद किए हैं. फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है.
परिवार ने बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग की
असद के मारे जाने के बाद सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें कुछ हद तक न्याय मिला है, लेकिन मामले में शामिल बाकी आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सभी आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
साजिश की पूरी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी असद के पिता नवाब की इस मामले में कितनी भूमिका थी और उसने अपने बेटे को किस तरह प्रभावित किया. जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- दहेज की भेंट चढ़ी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर? पति समेत 6 लोगों पर हत्या का केस दर्ज, जानें पूरा मामला