बिग बॉस 19 का ताजा एपिसोड ड्रामा, भावनाओं और विवादों से भरपूर रहा. घर के हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब कैप्टेंसी टास्क के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसने पूरे घर का माहौल गरमा दिया. इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में रहीं फरहाना भट्ट और उनके साथ भिड़ते नजर आए गायक अमाल मलिक.
दरअसल, टास्क के दौरान फरहाना भट्ट ने नीलम गिरी को उनके घर से आई चिट्ठी सौंपने से इनकार कर दिया और वह चिट्ठी फाड़ दी. इस कदम को घरवालों ने न सिर्फ भावनात्मक रूप से गलत माना, बल्कि इसे अमानवीय भी बताया. फरहाना के इस फैसले से पूरे घर में उनका विरोध शुरू हो गया.
अमाल मलिक का गुस्सा फूटा, खाना फेंक कर जताया विरोध
सबसे ज्यादा आक्रोश अमाल मलिक के चेहरे पर देखने को मिला. जब फरहाना खाना खा रही थीं, तभी अमाल ने उनकी प्लेट उठाकर फेंक दी और उनके हाथ से रोटी भी छीनने की कोशिश की. इस हरकत के बाद दोनों के बीच जबरदस्त जुबानी जंग छिड़ गई, जो देखते ही देखते बेहद निजी और अशोभनीय स्तर तक पहुंच गई.
Tomorrow Episode Promo - Amaal said SORRY to Farrhana. And The Pranit More Show once again, where he roasts the contestants. #BiggBoss19 pic.twitter.com/I5g1cpaPns
— BBTak (@BiggBoss_Tak) October 16, 2025
मां को लेकर अमाल की टिप्पणी, बढ़ा विवाद
बहस के दौरान बात तब और बिगड़ गई जब अमाल मलिक ने न सिर्फ फरहाना को "बी ग्रेड" कहा, बल्कि उनकी मां के लिए भी अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया. जवाब में फरहाना ने भी अमाल को उसी तरह की भाषा में जवाब दिया. जब घरवालों ने अमाल को संयम बरतने और माफी मांगने को कहा, तो उन्होंने साफ मना कर दिया और यहां तक कह डाला कि वह इसके लिए सलमान खान से भी भिड़ सकते हैं.
प्रोमो में दिखा बदला रुख, अमाल ने मांगी माफी
हालांकि, शो के अगले प्रोमो में अमाल मलिक का रुख पूरी तरह से बदला नजर आता है. वीडियो में वह फरहाना के पास जाकर अपने बर्ताव के लिए माफी मांगते दिखते हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी उनकी मां के बारे में कहा, उसके लिए वह शर्मिंदा हैं और खेद प्रकट करते हैं. हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि फरहाना चाहें तो उनकी माफी को स्वीकार करें या ना करें, यह उनका निर्णय है.
सोशल मीडिया पर भड़के लोग, उड़ाया मजाक
अमाल की यह यू-टर्न माफी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गई है, लेकिन यूजर्स ने इसे हल्के में नहीं लिया. कई लोगों ने अमाल के गुस्से और बाद में पलटी मारने वाले रवैये पर तंज कसा. एक यूजर ने लिखा, "सॉरीमैन बन गया है अब, पहले तो शेर बन रहा था." दूसरे ने कहा, "फरहाना की मां के लिए बोले गए शब्द कभी माफ नहीं किए जा सकते." वहीं एक और यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "अब याद आ गई माफी, जब सारा घर और पब्लिक खिलाफ हो गई."
क्या वीकेंड के वार में होगी कार्रवाई?
अब दर्शकों की नजरें वीकेंड के वार पर टिकी हैं, जहां सलमान खान इस मुद्दे को जरूर उठाएंगे. सवाल यह है कि क्या अमाल मलिक को उनके बर्ताव के लिए फटकार मिलेगी या फिर बात सिर्फ एक माफ़ी तक ही सीमित रह जाएगी. बिग बॉस का यह सीजन अब पहले से भी ज्यादा दिलचस्प होता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कपिल शर्मा के कैफे पर फिर फायरिंग, धर्म के विरोध में बोलने वालों को दी चेतावनी; बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी