India Squad for Asia Cup: भारतीय क्रिकेट में मंगलवार (19 अगस्त) का दिन बेहद अहम रहने वाला है. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति एशिया कप 2025 के लिए टीम चुनने जा रही है. कप्तान सूर्यकुमार यादव पूरी तरह फिट होकर तैयार हैं, लेकिन सबसे बड़ी बहस इस बात पर है कि क्या शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नाम इस टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा बनेंगे या नहीं.
गौतम गंभीर की कोचिंग में हालिया टी20 सीरीज जीतने वाली टीम के शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को उलझन में डाल दिया है. खासकर इसलिए क्योंकि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ओपनिंग में बेहतरीन खेल दिखाकर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. ऐसे में गिल और जायसवाल को बाहर करने का बोल्ड फैसला लिया जा सकता है.
गिल-जायसवाल की जगह पर सवाल
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, चयनकर्ता एशिया कप स्क्वॉड से शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल को बाहर रखने की तैयारी में हैं. रोहित शर्मा की रिटायरमेंट के बाद बने हालात में गिल-जायसवाल की वापसी स्वाभाविक लग रही थी, लेकिन सैमसन और अभिषेक के प्रदर्शन ने तस्वीर बदल दी है. इसके अलावा, 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए गिल और जायसवाल को आराम देने पर भी विचार हो सकता है.
श्रेयस अय्यर की वापसी?
चयनकर्ताओं की नज़रें मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने पर हैं और इसी वजह से श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
IPL 2025 प्रदर्शन: 17 मैचों में 604 रन, स्ट्राइक रेट 175.07, 6 अर्धशतक
कप्तानी: पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया
यूएई में अनुभव: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल में भारत की जीत में 48 रनों की अहम पारी खेली. साथ ही यूएई की पिचों पर उनके अनुभव और स्थिर बल्लेबाज़ी को देखते हुए चयनकर्ताओं को लगता है कि अय्यर इस टूर्नामेंट में भारत के लिए बैलेंस ला सकते हैं.
कौन होगा बाहर?
अगर श्रेयस अय्यर स्क्वॉड में आते हैं तो रिंकू सिंह और शिवम दुबे में से किसी एक को बाहर होना पड़ सकता है. वहीं, दूसरे विकेटकीपर के तौर पर जितेश शर्मा को भी शामिल किए जाने की संभावना है, जिन्होंने आईपीएल में आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन किया था.
भारत का शेड्यूल (एशिया कप 2025- ग्रुप स्टेज)
10 सितंबर – बनाम यूएई (दुबई)
14 सितंबर – बनाम पाकिस्तान (दुबई)
19 सितंबर – बनाम ओमान (अबू धाबी)
भारत ग्रुप A में पाकिस्तान, यूएई और ओमान के साथ है. टॉप-2 टीमें सुपर-4 में पहुंचेंगी.
यह भी पढ़ें- अमेरिका-चीन की सांसे थमी, पाक का हाल बेहाल! भारत के ‘सुदर्शन चक्र’ के सामने नहीं टिक पाएगा कोई, जानें इसकी ताकत