Nvidia CEO के एक और अफेयर का खुलासा, 2-2 महिलाओं से थे रिश्ते! अब जाएगी जेंसेन हुआंग की कुर्सी?

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेंसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में उनके एक और महिला कर्मचारी के साथ संबंधों का दावा किया गया है.

Another affair involving the Nvidia CEO Jensen Huang removal board meeting
Image Source: Social Media

Jensen Huang Affair: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेंसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में उनके एक और महिला कर्मचारी के साथ संबंधों का दावा किया गया है. इससे पहले भी हुआंग का नाम एक चीनी मूल की महिला के साथ जुड़ा था. अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि उस महिला के चीन की जासूसी एजेंसी से संबंध हो सकते हैं. इन खबरों के बीच दावा किया जा रहा है कि Nvidia का बोर्ड हुआंग को CEO पद से हटाने पर विचार कर रहा है.

बोर्ड की बैठक में हो सकता है बड़ा फैसला

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के बोर्ड की बुधवार को बैठक हो सकती है. इसमें जेंसन हुआंग के भविष्य को लेकर चर्चा होने की संभावना है. कंपनी में हुआंग की करीब 3.4 फीसदी हिस्सेदारी है.

वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 63 साल के जेंसन हुआंग के कंपनी के हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट किंबरली पॉवेल के साथ भी संबंध थे. पॉवेल की उम्र 48 साल बताई गई है. दोनों का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है, जिसमें वे एक-दूसरे से प्यार भरी बातें करते नजर आ रहे हैं.

इस बीच ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Nvidia नए CEO की तलाश के लिए एक बाहरी कंपनी की मदद ले रही है. बोर्ड किसी दूसरे व्यक्ति को अस्थायी CEO बनाने के विकल्प पर भी विचार कर रहा है.

पहले भी महिला के साथ संबंधों की बात कबूली

इससे पहले रविवार को जेंसन हुआंग ने सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की सीनियर एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग के साथ अपने संबंधों की बात स्वीकार की थी. इसके बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की जांच शुरू करने की जानकारी दी थी. हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही थी.

इस मामले में अमेरिकी कांग्रेस ने भी हुआंग को ब्रीफिंग के लिए बुलाया है. वहीं, कंपनी के शेयरधारकों ने Nvidia और जेंसन हुआंग के खिलाफ याचिका दायर की है. उनका आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को इन मामलों की जानकारी नहीं दी.

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, जेंसन हुआंग की कुल संपत्ति करीब 145 अरब डॉलर है. वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 13वें स्थान पर हैं. टेक्नोलॉजी की दुनिया में उन्हें एलन मस्क, जेफ बेजोस और मार्क जकरबर्ग जैसे बड़े नामों के बराबर प्रभावशाली माना जाता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी उनकी नजदीकी बताई जाती है.

Nvidia के शेयरों में उतार-चढ़ाव

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग के कारण पिछले कुछ वर्षों में Nvidia के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है. कंपनी के ज्यादातर प्रोसेसर ताइवान की कंपनी TSMC बनाती है, जो दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्ट्रैक्ट चिप निर्माता कंपनी है.

हुआंग से जुड़ी खबरों के सामने आने के बाद Nvidia के शेयरों में गिरावट देखने को मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 10 फीसदी तक टूट गया था. हालांकि, बाद में इसमें सुधार हुआ और यह 2.92 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ.

4.19 ट्रिलियन डॉलर है Nvidia का मार्केट कैप

Nvidia का बाजार पूंजीकरण करीब 4.195 ट्रिलियन डॉलर बताया गया है. इस मामले में कंपनी दुनिया की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी है. उससे आगे केवल Apple है, जिसका मार्केट कैप करीब 5.168 ट्रिलियन डॉलर है.

AI इंडस्ट्री में Nvidia की मजबूत पकड़ और उसके कारोबार को देखते हुए जेंसन हुआंग को कंपनी का सबसे अहम चेहरा माना जाता है. ऐसे में CEO पद को लेकर होने वाला कोई भी फैसला कंपनी के भविष्य और शेयर बाजार पर असर डाल सकता है.